Page Loader
उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं नीतीश, अखिलेश ने की मदद की पेशकश
उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं नीतीश कुमार

उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं नीतीश, अखिलेश ने की मदद की पेशकश

Sep 18, 2022
08:18 am

क्या है खबर?

बिहार में महागठबंधन के साथ सरकार बनाने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्ष को एकजुट करने में जुटे हैं। अब अटकलें लगाई जा रही हैं कि 2024 में नीतीश उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नीतीश कुमार को ऑफर दिया है कि वो राज्य की किसी भी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं और समाजवादी पार्टी उनका पूरा सहयोग करेगी।

अटकलें

क्या फूलपुर होगी नीतीश की सीट?

इंडिया टुडे के अनुसार, फूलपुर के जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि नीतीश कुमार को उनके संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहिए। JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने उत्तर प्रदेश को बेहद महत्वपूर्ण राज्य बताते हुए ऐसे संकेत दिए हैं कि नीतीश कुमार लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं और उन्हें न सिर्फ फूलपुर बल्कि अंबेडकर नगर और मिर्जापुर लोकसभा सीट पर भी चुनाव लड़ने का ऑफर दिया जा रहा है।

बयान

सिंह बोले- सही समय पर लिया जाएगा फैसला

नीतीश के उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर सिंह ने कहा कि इसमें स्वीकार करने या खंडन करने जैसा कुछ नहीं है। वो चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इसका सही समय पर फैसला लिया जाएगा, लेकिन उन्हें अंबेडकर नगर और मिर्जापुर से भी चुनाव लड़ने का ऑफर है। यह उनकी विपक्ष को एकजुट करने की कोशिश का परिणाम है कि पार्टी कार्यकर्ता मांग कर रहे है कि उन्हें उत्तर प्रदेश से भी चुनाव लड़ना चाहिए।

बयान

बेहद महत्वपूर्ण है उत्तर प्रदेश- सिंह

सिंह ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के नजरिये से उत्तर प्रदेश महत्वपूर्ण राज्य है क्योंकि यहां सबसे ज्यादा सीटें हैं। उन्होंने कहा कि अभी भाजपा के पास उत्तर प्रदेश से 65 सांसद हैं और अगर अखिलेश यादव और नीतीश कुमार दूसरी विपक्षी पार्टियों के साथ एकजुट होते हैं तो भाजपा को 15-20 सीटों पर समेटा जा सकता है। इस राज्य में विपक्ष का एक साथ आना जरूरी है।

जानकारी

वाराणसी से 100 किलोमीटर की दूरी पर है फूलपुर

बता दें कि फूलपुर की दूरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से महज 100 किलोमीटर है। अगर नीतीश इस सीट से चुनाव लड़ते हैं तो उत्तर प्रदेश के चुनावी समीकरण बदल सकते हैं।

जानकारी

विपक्ष को एकजुट कर रहे हैं नीतीश

नीतीश कुमार हाल ही में दिल्ली का दौरा करके लौटे हैं जहां वो विपक्ष के कई बड़े नेताओं से मिले थे। इन नेताओं में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख शरद पवार, जनता दल सेक्युलर (JDS) प्रमुख एचडी कुमारस्वामी और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला आदि शामिल रहे। वह लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा विरोधी सभी पार्टियों को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं।

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)

नीतीश के प्रधानमंत्री उम्मीदवार बनने की अटकलें हैं तेज

ये अटकलें तेज हैं कि नीतीश कुमार 2024 लोकसभा चुनाव में विपक्ष के प्रधानमंत्री उम्मीदवार हो सकते हैं। हालांकि नीतीश खुद कई बार कह चुके हैं कि उनका एकमात्र लक्ष्य विपक्ष को एकजुट करना है और उनका खुद को प्रधानमंत्री उम्मीदवार के तौर पर पेश करने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन उनके और उनकी पार्टी के बयानों से कुछ अलग ही संकेत मिल रहे हैं। लोकसभा चुनाव की अटकलों को भी इसी नजर से देखा जा रहा है।