दिल्ली विधानसभा चुनाव: पिछले चुनावों में कितने सटीक रहे थे एग्जिट पोल?
क्या है खबर?
दिल्ली में विधानसभा चुनावों के लिए मतदान खत्म होते ही एग्जिट पोल के अनुमान जारी हो चुके हैं।
ज्यादातर एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी (AAP) को नुकसान और भाजपा को करीब-करीब बहुमत मिलने की संभावना जताई गई है। कांग्रेस पूरी तरह मैदान से बाहर है। ऐसे में संभावना है कि 27 साल बाद भाजपा दिल्ली में सरकार बना सकती है।
आइए जानते हैं कि पिछले चुनावों में एग्जिट पोल कितने सटीक थे।
अनुमान
पहले जानिए एग्जिट पोल में क्या अनुमान लगाए गए हैं?
चाणक्य स्ट्रेटजीस के मुताबिक, भाजपा को 39-44, AAP को 25-28 और कांग्रेस को 2-3 सीटें मिलने का अनुमान हैं।
पी-मार्क सर्वे के में AAP को 21-31, भाजपा को 39-49 और कांग्रेस को 0-1 सीटें मिलने की संभावना है।
पीपुल्स पल्स ने AAP को 10-19, कांग्रेस को 0 और भाजपा को 51-60 सीटें मिलने के आसार जताए हैं।
पीपुल्स इनसाइट ने AAP को 25-29, भाजपा को 40-44 और कांग्रेस को 0-2 सीटें मिलने की संभावना है।
2020
2020 के चुनावों में कितने सटीक थे एग्जिट पोल?
2020 यानी पिछले विधानसभा चुनावों में 12 में से केवल एक एग्जिट पोल सही था।
तब एक्सिस माई इंडिया ने AAP को 63, कांग्रेस को 0 और भाजपा को 7 सीटें मिलने का अनुमान जताया था। नतीजों में AAP को 62, भाजपा को 8 और कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी।
हालांकि, ज्यादातर एग्जिट पोल के अनुमान और चुनावी नतीजों में ज्यादा फर्क नहीं था। सभी ने AAP की सरकार बनने की संभावना जताई थी।
2015
2015 में गलत साबित हुए थे सभी एग्जिट पोल
2015 में 6 एग्जिट पोल ने भाजपा को 17 से 35 सीटें मिलने के आसार जताए थे, लेकिन चुनावी नतीजे इसके आसपास भी नहीं थे।
नतीजों में AAP ने 67 और भाजपा ने केवल 3 सीटें जीती थीं। तब सी-वोटर ने भाजपा को 27-35 और AAP को 31-39, पोल ऑफ पोल्स ने AAP को 43 और भाजपा को 26 और निल्सन ने AAP को 39 और भाजपा को 28 सीटें मिलने की संभावना जताई थी।
2013
2013 में नतीजों के कितने करीब थे अनुमान?
2013 में भी एग्जिट पोल चुनावी नतीजों से काफी दूर थे। तब केवल एक पोल थोड़ा सटीक साबित हुआ था।
टुडेज चाणक्य ने AAP को 31, भाजपा को 29 और कांग्रेस को 10 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था। नतीजों में AAP को 28, भाजपा को 31 और कांग्रेस को 8 सीटें मिलीं।
बाकी एग्जिट पोल में AAP को 6 से 21, भाजपा को 34 से 41 और कांग्रेस को 17 से 24 सीटें मिलने की संभावना जताई गई थी।
एग्जिट पोल
क्या होता है एग्जिट पोल?
एग्जिट पोल एक तरह का चुनावी सर्वे होता है, जो मतदान के दिन किया जाता है।
इसमें वोट डालकर आ रहे मतदाता से जानने की कोशिश की जाती है कि उसने किस पार्टी या उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया है। मतदाताओं से कई सवाल पूछे जाते हैं।
ये सर्वे अधिकतर निजी एजेंसियों द्वारा किए जाते हैं, न कि किसी सरकारी संस्था द्वारा। इसे आखिरी चरण के मतदान के बाद ही जारी किया जाता है।