Page Loader
मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ कालकाजी से चुनाव लड़ेंगी अलका लांबा
आतिशी के खिलाफ लड़ेंगी अलका लांबा

मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ कालकाजी से चुनाव लड़ेंगी अलका लांबा

लेखन गजेंद्र
Jan 03, 2025
05:32 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने पूर्व विधायक अलका लांबा को मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ उतारने का फैसला लिया है। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष लांबा आम आदमी पार्टी (AAP) की आतिशी के खिलाफ कालकाजी विधानसभा सीट से उतरेंगी। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने यह फैसला लिया है। इससे पहले लांबा चांदनी चौक विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं। बता दें कि कांग्रेस अभी तक 48 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।

सूची

कांग्रेस ने 48 उम्मीदवारों के नाम तय किए

कांग्रेस ने दिल्ली की 70 सीटों के लिए अब तक 48 उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए हैं। पहली सूची में 21 उम्मीदवार, दूसरी सूची में 26 उम्मीदवारों के नाम जारी हुए थे। अब लांबा का नाम घोषित किया है। कांग्रेस ने नई दिल्ली सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट से अरविंद केजरीवाल चुनाव लड़ रहे हैं। जंगपुरा में मनीष सिसोदिया के खिलाफ फरहाद सूरी को टिकट दिया गया है।

सूची

AAP ने 70 उम्मीदवार घोषित किए

AAP ने सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार उतार दिए हैं। AAP की पहली सूची में 11, दूसरी में 20, तीसरी में एक और चौथी सूची में 38 नाम शामिल हैं। चौथी सूची में पार्टी ने 20 विधायकों के टिकट काट दिए हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जंगपुरा से मैदान में हैं। केजरीवाल नई दिल्ली, सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश, बाबरपुर से गोपाल राय, मालवीय नगर से सोमनाथ भारती, राजेंद्र नगर से दुर्गेश पाठक, शकूर बस्ती से सत्येंद्र जैन उतरेंगे।

चुनाव

जनवरी के अंत में हो सकती है चुनाव की घोषणा

दिल्ली में AAP के नेतृत्व में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी, 2025 को समाप्त होगा। यहां 1998 से भाजपा सत्ता से बाहर है। केजरीवाल पिछले 10 साल से कुर्सी पर जमे हैं। उनसे पहले कांग्रेस की शीला दीक्षित 15 साल तक काबिज रहीं थीं। INDIA गठबंधन में शामिल कांग्रेस और AAP दिल्ली चुनाव में अलग-अलग उतरने की योजना बना चुके हैं। केजरीवाल और कांग्रेस के प्रमुख नेताओं ने गठबंधन से इंकार किया है।