
उत्तर प्रदेश: कांग्रेस ने जारी किया महिला घोषणा पत्र, नौकिरयों में 40 प्रतिशत आरक्षण का वादा
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने बुधवार को महिलाओं के लिए अलग घोषणा पत्र जारी किया है।
लखनऊ में घोषणा पत्र जारी करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 40 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।
इसके अलावा 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने घोषणा पत्र को 'शक्ति विधान' नाम दिया है।
घोषणा
प्रियंका गांधी ने किया आठ लाख महिलाओं को रोजगार देने का वादा
घोषणा पत्र जारी करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, "हमने चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने का वादा किया है ताकि महिला सशक्तिकरण की बात सिर्फ कागज पर न रहे। कांग्रेस पार्टी ने ही देश को पहली महिला प्रधानमंत्री दी है।"
उन्होंने कहा, "राज्य में सरकारी पदों में महिलाओं लगभग नौ प्रतिशत भागीदारी है, जिसे हम 40 प्रतिशत करेंगे। ऐसे में सत्ता में आने पर कांग्रेस राज्य की आठ लाख महिलाओं को और रोजगार देगी।"
वादे
कांग्रेस ने महिलाओं से किए मुफ्त यात्रा और विधवा पेंशन का वादा
प्रियंका गांधी ने कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो स्नातक पास छात्राओं को इलेक्टि्रक स्कूटी और 12वीं पास छात्राओं को स्मार्ट फोन दिए जाएंगे।
इसी तरह महिला द्वारा संचालित छोटे व्यापारों में टैक्स से छूट, बसो में मुफ्त यात्रा, विधवाओं को 500 रुपये महीना पेंशन, गरीब महिलाओं को फ्री इंटरनेट, आवासीय खेल अकादमी, पुलिस बल में 25 प्रतिशत महिलाओं को नौकरी, बलात्कार जैसी शिकायत में नियमों का पालन न होने पर अधिकारी को निलंबित किया जाएगा।
अन्य
कांग्रेस ने महिलाओं से किए ये अन्य वादे
प्रियंका गांधी ने 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज, मासिक धर्म से संबंधित दवाइयों की मुफ्त आपूर्ति, महिलाओं को हर साल तीन रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त देने, हर एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वस्थ शिक्षा केंद्र संचालित करने, महिला डॉक्टरों की तैनाती करने, मनरेगा में महिलाओं को प्राथमिकता देने का भी वादा किया है।
इसी तरह 50 प्रतिशत राशन दुकानें महिलाओं को आवंटित करने, राज्य भर में महिलाओं के लिए इवनिंग विद्यालय खोलने का भी वादा किया है।
बयान
कांग्रेस के घोषणा पत्र से अन्य दलों पर पड़ेगा दबाव- प्रियंका
प्रियंका गांधी ने कहा, "मेरी आशा है कि यह पहला महिला घोषणा पत्र नहीं होगा। इससे दूसरे राजनीतिक दलों पर भी दबाव होगा कि महिलाओं की भागीदारी को प्रमुखता से लिया जाए।"
उन्होंने कहा, "घोषणापत्र प्रदेश की महिलाओं की आशाओं-आकांक्षाओं की सामूहिक अभिव्यक्ति है जो वर्तमान सरकार में अभूतपूर्व हिंसा, शोषण व सरकार की महिला विरोधी विचारधारा का सामना कर रही हैं। कांग्रेस ने स्वाभिमान, स्वावलंबन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और सेहत को ध्यान में रखकर यह घोषणा पत्र बनाया है।"
पृष्ठभूमि
प्रियंका गांधी ने 'प्रतिज्ञा यात्रा' में किए थे ये वादे
बता दें प्रियंका गांधी ने 1 नवंबर को कांग्रेस की 'प्रतिज्ञा यात्रा' यात्रा की शुरुआत के दौरान भी कई बड़े वादे किए थे।
जिनमें महिलाओं को सालाना तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर, मुफ्त यात्रा, छात्राओं को इलेक्टि्रक स्कूटी और स्मार्टफोन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को हर महीने 10,000 रुपए मानदेय, सरकारी नौकरियों में 40 प्रतिशत आरक्षण, 1,000 रुपये महीना वृद्धा-विधवा पेंशन और वीरांगनाओं के लिए 75 कौशल स्कूल खोलने के भी वादे शामिल थे।
घोषणा पत्र में ये सभी वादे शामिल हैं।