Page Loader
उत्तर प्रदेश: कांग्रेस की सरकार बनी तो सबको देंगे 10 लाख तक का मुफ्त इलाज- प्रियंका
कांग्रेस का उत्तर प्रदेश में सबको 10 लाख तक का मुफ्त इलाज देने का वादा

उत्तर प्रदेश: कांग्रेस की सरकार बनी तो सबको देंगे 10 लाख तक का मुफ्त इलाज- प्रियंका

Oct 25, 2021
12:07 pm

क्या है खबर?

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगर आगामी विधानसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो राज्य के सभी निवासियों को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज प्रदान किया जाएगा। आज सुबह ट्वीट करते हुए उन्होंने ये बड़ा ऐलान किया। इससे पहले वह अपनी 'प्रतिज्ञा यात्रा' के दौरान किसानों का कर्ज माफ करने समेत सात बड़े वादे भी कर चुकी हैं।

वादा

प्रियंका बोलीं- प्रदेश कांग्रेस ने घोषणापत्र समिति की सहमति से लिया फैसला

उत्तर प्रदेश का प्रभार संभाल रहीं प्रियंका ने आज सुबह ट्वीट करते हुए लिखा, 'कोरोना काल में और अभी प्रदेश में फैले बुखार में सरकारी उपेक्षा के चलते उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की जर्जर हालत सबने देखी। सस्ते व अच्छे इलाज के लिए घोषणापत्र समिति की सहमति से उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि सरकार बनने पर 'कोई भी हो बीमारी, मुफ्त होगा 10 लाख तक इलाज सरकारी।'

अन्य वादे

शनिवार को भी प्रियंका ने किए थे सात बड़े वादे

इससे पहले शनिवार को भी प्रियंका गांधी ने सात चुनावी वादे किए थे। बाराबंकी से प्रतिज्ञा यात्रा को हरी झंडी दिखाते हुए उन्होंने कहा था कि 2022 में राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों का सारा कर्ज माफ कर दिया जाएगा। इसके साथ ही 20 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने गेहूं और धान का समर्थन मूल्य 2500-2500 रुपये और गन्ने का 400 रुपये प्रति क्विंटल करने का वादा भी किया था।

अन्य वादे

इंटरपास छात्राओं को स्मार्टफोन और ग्रेजुएट छात्राओं को स्कूटी देगी कांग्रेस

प्रियंका ने राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर इंटर पास छात्राओ को स्मार्टफोन और ग्रेजुएट छात्राओं को इलेक्ट्रिक स्कूटी देना का वादा भी किया था। इसके अलावा उन्होंने गरीबों को 25,000-25,000 रुपए की मदद देने, सबका बिजली बिल आधा करने और कोरोना काल का बिल माफ करने का वादा भी किया था। इससे पहले वह चुनाव में 40 प्रतिशत सीटें महिलाओं को देने का ऐलान भी कर चुकी हैं।

कोशिश

उत्तर प्रदेश में पार्टी को फिर से खड़ा करने की कोशिश कर रही हैं प्रियंका

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी पिछले कुछ समय से राज्य की राजनीति में काफी सक्रिय नजर आ रही हैं और लखीमपुर खीरी में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा के किसानों को कुचलने के मामले में गिरफ्तारी भी दे चुकी हैं। वे पीड़ित परिजनों से मिलने लखीमपुर जा रही थीं जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रास्ते में गिरफ्तार कर लिया था। उनकी कोशिश राज्य में कांग्रेस को एक बार फिर से खड़ा करने की है।

विधानसभा चुनाव

उत्तर प्रदेश में अगले साल होंगे विधानसभा चुनाव

राजनीतिक तौर पर बेहद महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होेने हैं। अभी तक के रुझानों में इन चुनावों में मुख्य टक्कर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा और अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी में नजर आ रहा है। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री मायावती और उनकी पार्टी बहुजन समाज पार्टी को खारिज करना भी गलती होगी। कांग्रेस मुख्य रेस में नहीं है, हालांकि बेहतर प्रदर्शन करके भाजपा या विपक्ष किसी एक का खेल बिगाड़ सकती है।