Page Loader
पंजाब: युवक ने विकास कार्यों को लेकर किया सवाल, कांग्रेस विधायक ने कर दी धुनाई
पठानकोट में कार्यक्रम के दौरान युवक की पिटाई करते कांग्रेस विधायक जोगिंदर पाल।

पंजाब: युवक ने विकास कार्यों को लेकर किया सवाल, कांग्रेस विधायक ने कर दी धुनाई

Oct 20, 2021
01:23 pm

क्या है खबर?

चुनाव के समय नेता क्षेत्र में विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद वादों पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। ऐसे में यदि कोई नागरिक क्षेत्र के नेता से विकास कार्यों पर सवाल कर ले तो उनसे बर्दाश्त नहीं होता है। ऐसा ही मामला सामने आया है पंजाब के पठानकोट के भोआ इलाके में, जहां एक युवक के विकास कार्यों पर सवाल करने से गुस्साए कांग्रेस विधायक जोगिंदर पाल ने उसकी जमकर धुनाई कर दी।

प्रकरण

विधायक के संबोधन के बीच में बोल रहा था युवक

NDTV के अनुसार, विधायक नवरात्रा के दौरान पठानकोट के भोआ इलाके में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। उस दौरान वह क्षेत्र में किए गए विकास कार्य गिना रहे थे। उसी दौरान एक युवक कुछ बड़बड़ाने लगता है, लेकिन विधायक उस पर ध्यान नहीं देते हैं। उसके बाद एक पुलिसकर्मी उसे दूर ले जाने का प्रयास करता है, लेकिन युवक जोर से चिल्लाने लगता है। इस पर विधायक को मजबूरन उसे अपने पास बुलाना पड़ता है।

पिटाई

युवक के सवाल करने पर विधायक ने की पिटाई

विधायक पाल के संबोधन के दौरान युवक उनसे जोर से चिल्लाकर पूछताछ की कि उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए क्या किया। इस पर विधायक पहले तो उसे अपने पास बुलाते हैं और माइक दूसरे शख्स को थमाकर युवक को जोरदार तमाचा जड़ देते हैं। इसके बाद भी विधायक का मन नहीं भरता है और वह कई बार उस पर हमला करते हैं, लेकिन उसे बचाने वाला कोई नहीं होता है। विधायक की इस करतूत की निंदा हो रही है।

अमानवीयता

विधायक के समर्थक और पुलिसकर्मियों ने भी की पिटाई

विधायक की इस करतूत के बाद वहां खड़े पुलिसकर्मी और समर्थकों ने युवक को बचाने की जगह अमानवीयता बरतते हुए उसकी पिटाई करना शुरू कर दिया। युवक कई बार वहां से भागने का प्रयास करता है, लेकिन लोग बार-बार उसे पकड़कर पीटते रहते हैं। उसी दौरान एक अन्य पुलिसकर्मी के बीच में आने पर युवक वहां से भागने में सफल होता है। वहां खड़े किसी अन्य युवक ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें घटना का वीडियो

प्रतिक्रिया

विधायक को नहीं करना चाहिए था इस तरह का व्यवहार- रंधावा

घटना की पूरे पंजाब में कड़ी निंदा हो रही है और लोग कांग्रेस सरकार पर सवाल खड़े कर रहे हैं। विधासनसभा चुनावों से पहले इस घटना ने कांग्रेस के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। इसी बीच राज्य के गृह मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा, "विधायक पाल को युवक के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए था। हम जनता के प्रतिनिधि हैं और यहां उनकी सेवा करने के लिए हैं।"

हालत

पंजाब कांग्रेस में तनावपूर्ण बने हुए हैं हालात

बता दें पंजाब कांग्रेस इस समय आपसी कलह से जूझ रही है। पहले तो नवजोत सिंह सिद्धू और कैप्टन अमरिंदर सिंह के विवाद के बीच पार्टी ने सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा ले लिया था। उसके बाद मंत्रीमंडल के गठन और अधिकारियों की नियुक्ति और तबादलों को लेकर नवजोत सिंह सिद्धू ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। अब सिंह के नई पार्टी बनाने का ऐलान करने के बाद कांग्रेस के लिए मुसिबत खड़ी हो गई है।