Page Loader
आंखों की सूजन को दूर करने में मदद कर सकते हैं ये योगासन, ऐसे करें अभ्यास
आंखों की सूजन दूर करने वाले योगासन

आंखों की सूजन को दूर करने में मदद कर सकते हैं ये योगासन, ऐसे करें अभ्यास

लेखन अंजली
Oct 27, 2021
06:45 am

क्या है खबर?

सूजी आंखों से चेहरा बहुत अजीब सा लगने लगता है और यह समस्या अधिक रोने, अनिद्रा की समस्या, हैंगओवर, गलत खान-पान और एलर्जी आदि की कारणों से हो सकती है। हालांकि, आपको इसे लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है क्योंकि योग की मदद से आप इससे राहत पा सकते हैं। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे योगासन के अभ्यास का तरीका बताते हैं, जो सूजी आंखों को जल्द ठीक कर सकते हैं।

#1

पश्चिमोत्तानासन

पश्चिमोत्तानासन के लिए योगा मैट पर अपने दोनों पैरों को आपस में सटाएं और उन्हें आगे की ओर फैलाकर बैठ जाएं। अब दोनों हाथ ऊपर की ओर उठाएं, फिर धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए आगे की ओर झुकें और माथे को घुटनों से सटाते हुए हाथों से पैरों के अंगूठों को पकड़ने का प्रयास करें। कुछ सेकंड के लिए इसी अवस्था में बने रहें और सामान्य रूप से सांस लेते रहें, फिर गहरी सांस लेते हुए सामान्य हो जाएं।

#2

हलासन

हलासन का अभ्यास करने के लिए पहले योगा मैट पर पीठ के बल सीधे लेट जाएं, फिर अपने हाथों को शरीर से सटाकर रखें। अब सांस लेते हुए पैरों को 90 डिग्री तक ऊपर उठाएं और सांस छोड़ते हुए टांगों को धीरे-धीरे सिर के ऊपर से पीछे की ओर ले जाएं। इस दौरान हाथों को जमीन पर सीधा ही रखें। इसके बाद सांस लेते हुए धीरे-धीरे वापस प्रारंभिक अवस्था में आ जाएं।

#3

चक्रासन

चक्रासन का अभ्यास करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर पैरों को फैलाते हुए पीठ के बल लेट जाएं। अब धीरे-धीरे अपने घुटनों को मोड़े और एड़ियों को नितंबों से सटाएं, फिर अपनी कोहनियां मोड़कर हथेलियों को सिर के ऊपर से ले जाते हुए जमीन पर रखें। इसके बाद सामान्य तरीके से सांस लेते हुए धीरे-धीरे सिर को उठाने के साथ पीठ को मोड़ने की कोशिश करें। कुछ देर इसी मुद्रा में रहने के बाद सामान्य हो जाएं।

#4

सुप्त मत्स्येन्द्रासन

सुप्त मत्स्येन्द्रासन के लिए पहले योगा मैट पर पीठ के बल लेटें। अब अपने दाएं पैर को घुटने से मोड़ें और ऊपर उठाते हुए इसके तलवे को बाएं घुटने पर टिकाएं, फिर अपनी पीठ को बायीं ओर मोड़ें और अपने दाएं हाथ को दाएं पैर के घुटने पर रखें, फिर बाएं हाथ को कंधे की सीध में फैलाएं। इसके बाद सिर को बायीं ओर घुमाएं। कुछ देर इसी स्थिति में रहने के बाद सामान्य हो जाएं।