Page Loader
विश्व हृदय दिवस: जानिए इसका इतिहास, महत्व और इस बार की थीम
विश्व हृदय दिवस से जुड़ी जानकारी

विश्व हृदय दिवस: जानिए इसका इतिहास, महत्व और इस बार की थीम

लेखन गौसिया
Sep 29, 2023
06:00 am

क्या है खबर?

हृदय शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है। इसके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हर साल 29 सितंबर को 'विश्व हृदय दिवस' मनाया जाता है। इसका लक्ष्य सभी लोगों को हृदय संबंधी बीमारियों से सतर्क करना है क्योंकि दुनियाभर में हृदय रोगों के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। ऐसे में हृदय को स्वस्थ रखना बहुत जरूरी है। आइये आज इसी दिन से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें जानते हैं।

इतिहास

क्या है विश्व हृदय दिवस का इतिहास?

इस दिन को मनाने की शुरुआत विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के सहयोग से वर्ल्ड हार्ट फेडरेशन (WHF) ने की थी। हालांकि, इसका विचार WHF के पूर्व अध्यक्ष एंटोनी बेयस डी लूना ने पेश किया था। दुनिया में पहला विश्व हृदय दिवस 24 सितंबर, 2000 को मनाया गया। इसके बाद विश्व हृदय दिवस को 29 सितंबर के दिन मनाने की घोषणा की गई और तब से हर साल एक नई थीम के साथ यह दिन मनाया जाने लगा।

महत्व

इस दिन को मनाने का महत्व

अगर किसी व्यक्ति का हृदय ठीक से काम करना बंद कर दें, तो उसकी मृत्यु तक हो सकती है। ऐसे में हृदय स्वास्थ्य को लेकर जागरूक होना बहुत जरूरी है। इसी उद्देश्य से हर साल विश्व हृदय दिवस मनाया जाता है, ताकि लोग हृदय स्वास्थ्य के महत्व को समझ सकें और हृदय रोगों से बच सकें। इससे हृदय संबंधी बीमारियां जैसे दिल का दौरा, स्ट्रोक और कोरेनरी हृदय रोग आदि से होने वाली मृत्यु दर को कम किया जा सकें।

थीम

क्या है इस बार की थीम?

हर साल विश्व हृदय दिवस मनाने के लिए WHO एक खास थीम जारी करता है। इस साल के लिए इस दिवस की थीम है 'हृदय का इस्तेमाल करें, हृदय को जानें।' इस थीम का मकसद सभी लोगों को अपने हृदय के स्वास्थ्य की देखभाल करने के लिए प्रेरित करना है। इसके साथ ही यह थीम अपने हृदय को जानने पर जोर देती है क्योंकि आप जितना अपने हृदय के बारे में जानेंगे, उतना ही उसकी देखभाल भी कर सकेंगे।

तरीके

हृदय को स्वस्थ रखने के तरीके

हृदय को स्वस्थ बनाए रखने के लिए इन तरीकों को अपनाएं- नियमित रूप से एक्सरसाइज या कुछ शारीरिक गतिविध करने से हृदय स्वास्थ्य ठीक रहता है। इससे हृदय की मांसपेशियां महबूत होती है। एक्सरसाइज के अलावा खान-पान पर ध्यान देना भी जरूरी है। इसके लिए अपनी डाइट में सब्जियां, फल, साबुत अनाज, मेवे शामिल करें और नूडल्स, बर्गर और पिज्जा जैसे खाद्य पदार्थों के सेवन से परहेज करें। इसके अलावा धूम्रपान करना भी छोड़ दें।