Page Loader
विश्व साइकिल दिवस: जानिए कब और कैसे हुई इस दिवस की शुरूआत और इसका महत्व
विश्व साइकिल दिवस का इतिहास और महत्व

विश्व साइकिल दिवस: जानिए कब और कैसे हुई इस दिवस की शुरूआत और इसका महत्व

लेखन अंजली
Jun 03, 2022
01:22 pm

क्या है खबर?

हर साल 3 जून को 'विश्व साइकिल दिवस' के रूप में मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को साइकिल चलाने और साइकिल चलाने के फायदों के प्रति जागरूक करना है। साइकिल एक ऐसा परिवहन साधन है, जो पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ कई तरह के स्वास्थ्य लाभ देने में सक्षम है। आइए आज हम आपको विश्व साइकिल दिवस मनाने का इतिहास और इसके महत्व के बारे में विस्तार से बताते हैं।

इतिहास

विश्व साइकिल दिवस का इतिहास

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 3 जून, 2018 को विश्व साइकिल दिवस मनाने की घोषणा की थी और तब से हर साल यह दिवस मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का प्रस्‍ताव अमेरिका के मोंटगोमरी कॉलेज के प्रोफेसर लेस्‍जेक सिबिल्‍सकी ने याचिका के तौर पर दिया था। दरअसल, 1990 का दौर साइकिल के लिए अच्‍छा था, लेकिन बदलते समय के साथ साइकिल का महत्व कम होता गया। इसके महत्व को बढ़ाने के लिए विश्व साइकिल दिवस की घोषणा की गई।

जानकारी

किन देशों में मनाया जाता है विश्व साइकिल दिवस?

जब 2018 में विश्व साइकिल दिवस को मनाने की घोषणा की गई, तब एक कैंपेन चलाया गया था, उस दौरान इसका समर्थन 57 देशों ने किया था। मान्‍यता मिलने के बाद से अब दुनियाभर में इस दिवस को मनाया जाता है।

महत्व

विश्व साइकिल दिवस मनाना क्यों महत्वपूर्ण है?

साइकिल एक सरल किफायती और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन साधन है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और अन्य सामाजिक सेवाओं को सबसे कमजोर आबादी के लिए अधिक सुलभ बनाने में मदद करती है। साइकिल एक तरह से आर्थिक विकास को भी बढ़ावा देती है और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ हमारी लड़ाई को मजबूत करते हुए असमानताओं को कम करती है, जो देश के विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण है।

फायदे

साइकिल चलाने के फायदे

अगर आप रोजाना कुछ मिनट साइकिल चलाते हैं तो उस दौरान हृदय की धड़कनें बढ़ जाती हैं, जो शरीर में रक्तसंचार को ठीक करने और हृदय से जुड़ी अन्य बीमारियों के खतरे को कम करने में बहुत मददगार है। साइकिल चलाने से सिरोटोनिन, डोपामाइन और फेनिलइथिलामीन जैसे रसायनों का दिमाग में उत्पादन बढ़ता है, जिससे आप खुशी महसूस करते हैं। मांसपेशियों को मजबूत और लचीला बनाने समेत बढ़ते वजन को नियंत्रित करने के लिए भी साइकिल चलाना अच्छा है।