Page Loader
मकर संक्रांति पर क्यों खाया जाता है दही चूड़ा? जानिए इसका महत्त्व और बनाने का तरीका

मकर संक्रांति पर क्यों खाया जाता है दही चूड़ा? जानिए इसका महत्त्व और बनाने का तरीका

लेखन सयाली
Jan 11, 2025
02:22 pm

क्या है खबर?

मकर संक्रांति सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने पर मनाया जाने वाला त्योहार है, जो 14 जनवरी को पड़ रहा है। माना जाता है कि इस पर्व से ही सर्दियां विदा लेने लगती हैं और फसलों की कटाई शुरू हो जाती है। इस त्योहार को भारत के अलग-अलग राज्यों में विशेष तरीके से मनाया जाता है। इस दिन उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में खिचड़ी जैसे कई स्वादिष्ट पकवान खाए जाते हैं, जिनमें से एक है दही और चूड़ा।

उत्सव

कैसे मनाया जाता है मकर संक्रांति का पर्व?

मकर संक्रांति को अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग नामों से जाना जाता है, जैसे पंजाब में लोहड़ी, तमिलनाडु में पोंगल और असम में बिहू आदि। उत्तर भारत में इसे खिचड़ी भी कहते हैं, क्योंकि इस दिन उड़द दाल और चावल की खिचड़ी खाई जाती है। इस दिन गंगा स्नान करके तिल की मिठाइयां बनाई जाती हैं और ब्राह्मणों को दान की जाती हैं। मान्यताओं के अनुसार इसी दिन सूर्य देव अपने पुत्र शनि देव से मिलने आते हैं।

महत्व

इस दिन दही चूड़ा खाने का महत्त्व क्या है?

मकर संक्रांति पर दही चूड़ा खाना शुभ होता है, क्योंकि इसे पवित्रता का प्रतीक माना जाता है। यह सिर्फ एक स्वादिष्ट व्यंजन नहीं है, बल्कि इसके सेवन के पीछे कई धार्मिक कारण भी हैं। कहते हैं कि दही चूड़ा सूर्य देव का पसंदीदा प्रसाद होता है। इस दिन सूर्य देव को दही चूड़ा चढ़ाने से वे प्रसन्न होते हैं और आशीर्वाद देते हैं। मकर संक्रांति के दिन दही चूड़ा खाने से समृद्धि बढ़ती है और ग्रह दोष दूर होते हैं।

रेसिपी

दही चूड़ा बनाने की रेसिपी

दही चूड़ा की रेसिपी आसान है, जिसकी शुरुआत चूड़े को धोने और भिगोने से की जाती है। इसके बाद दही ली जाती है और उसे एक कटोरे में निकालकर अच्छी तरह फेंटा जाता है। इसमें मिठास जोड़ने के लिए आप चीनी, शहद या गुड़ का इस्तेमाल कर सकते हैं। जब चीनी अच्छी तरह घुल जाए, तो इसमें चूड़ा डालें और मिला लें। आप इसके स्वाद को बढ़ाने के लिए इसमें किशमिश, बादाम और काजू जैसे मेवे भी मिला सकते हैं।

फायदे

दही चूड़ा खाने से मिलते हैं ये लाभ

धार्मिक महत्त्व होने के साथ-साथ दही चूड़ा खाने के कई स्वास्थ्य लाभ भी होते हैं। इस व्यंजन की तासीर ठंडी होती है, जिस कारण यह पेट के लिए फायदेमंद होता है। इसे खाने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है और इसमें मौजूद अच्छे बैक्टीरिया आंतों को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। इसके साथ ही, इस व्यंजन को डाइट में जोड़ने से वजन घटाने में भी सहायता मिलती है।