
महिंद्रा XUV700 की बिक्री 3 लाख के पार, जानिए कब हुई थी लॉन्च
क्या है खबर?
महिंद्रा एंड महिंद्रा की XUV700 ने भारतीय बाजार में 3 लाख की बिक्री हासिल करते हुए एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है। पहली बार 2021 में लॉन्च हुई इस SUV की बिक्री मार्च में 2.5 लाख को पार कर गई थी और पिछले 3 महीने में इसमें 50,000 ग्राहक और जुड़ गए। लगातार मांग बढ़ने के कारण वेटिंग पीरियड 1 साल तक है। खास बात यह है कि इसका कोई फेसलिफ्ट वर्जन लॉन्च नहीं हुआ है।
फेसलिफ्ट मॉडल
कई बदलावों के साथ आएगा फेसलिफ्ट मॉडल
कार निर्माता लॉन्च के 4 साल गुजरने के बाद इस लोकप्रिय SUV का पहला फेसलिफ्ट वर्जन लाने की तैयारी कर रही है। प्रोटोटाइप की सामने आई तस्वीरों से पता चला है कि 2026 की शुरुआत में आने वाली नई महिंद्रा XUV700 में अपडेटेड स्टाइल और बेहतर फीचर्स दिए जाएंगे। इसमें नए गोलाकार LED हेडलाइट्स, विशिष्ट LED DRL और तिरछे वर्टिकल स्लैट्स के साथ नई ग्रिल, आगे-पीछे नए बंपर और पीछे एक स्लीक LED लाइट बार शामिल होने की संभावना है।
ट्रिपल स्क्रीन
ट्रिपल स्क्रीन सेटअप मिलने की संभावना
इंटीरियर में ट्रिपल-स्क्रीन लेआउट मिलने की उम्मीद है, जिसमें ड्राइवर डिस्प्ले, सेंट्रल इंफोटेनमेंट और पैसेंजर टचस्क्रीन शामिल होगी। इसके साथ ही डिजिटल चाबी, ऑटो-पार्किंग सिस्टम और डॉल्बी एटमॉस के साथ अपग्रेडेड हरमन कार्डन साउंड सिस्टम मिल सकता है। मैकेनिकल तौर पर बदलाव की संभावना कम है। पावरट्रेन और ट्रांसमिशन विकल्प मौजूदा मॉडल के समान रहेंगे। अपडेटेड महिंद्रा XUV700 की कीमत में इजाफा होने की संभावना है, जो वर्तमान में 14.49 लाख से 25.14 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है।