Page Loader
होली है रंगों का त्योहार, इस दिन बनाकर पीयें अलग-अलग रंगों के पेय पदार्थ 

होली है रंगों का त्योहार, इस दिन बनाकर पीयें अलग-अलग रंगों के पेय पदार्थ 

लेखन सयाली
Mar 02, 2024
11:00 am

क्या है खबर?

इस साल होली का त्योहार 25 मार्च को मनाया जाएगा। इसे रंगों का त्योहार भी कहा जाता है। यह लोगों के लिए अपने मतभेदों को भूलने और जश्न मनाने का दिन है। होली के दिन लोग साथ मिलकर रंग-गुलाल खेलते हैं। इस दिन घरों में गुजिया, पापड़, मठरी जैसे कई स्वादिष्ट पकवान बनते हैं। साथ ही लोग कई पेय पदार्थों का भी लुफ्त उठाते हैं। इस होली पर आप अलग-अलग रंगों के पेय पदार्थ की आसान रेसिपी बना सकते हैं।

#1

गुलाबी स्ट्रॉबेरी शेक 

मार्च के महीने में बाजार में ताजी स्ट्रॉबेरी मिल रही हैं। इस गर्मी के मौसम में आप होली पर इनसे ठंडा शेक बना सकते हैं। यह पेय पदार्थ गुलाबी रंग को दर्शाएगा। इसे बनाने के लिए सबसे पहले स्ट्रॉबेरी को धुल कर काट लें। अब इन्हें दूध, बर्फ और आइसक्रीम के साथ मिक्सी में पीस लें। इसमें मिठास के लिए पीसी हुई चीनी मिलाएं। आखिर में इस पर स्ट्रॉबेरी सिरप और विप्ड क्रीम डालकर परोसें।

#2

हरा आम पन्ना

गर्मियों में तरोताजा रहने के लिए आम पन्ना पियें। होली के दिन यह हरा रंग दर्शाएगा। इसे बनाने के लिए सबसे पहले कच्चे आम को उबालकर इसका गूदा बना लें। अब इसमें चीनी मिला लें। अगर अपने 1 कप गूदा लिया है, तो इसमें 2 कप चीनी मिलाएं। इसमें 1 चम्मच इलायची पाउडर, 1 चम्मच भुना जीरा पाउडर, 2 चम्मच काला नमक और ¼ चम्मच कुटी हुई काली मिर्च डालें। गिलास में 2 चम्मच तैयार सिरप डालकर बर्फ मिलाकर परोसें।

#3

पीली ठंडाई 

होली के पारंपरिक पेय पदार्थों में सबसे प्रसिद्ध ठंडाई है। यह बेहद स्वादिष्ट और ताजगी से भरपूर होती है। इसे बनाने के लिए एक बर्तन में काजू, बादाम और पिस्ता भिगो लें। भीगे हुए खरबूजे, खसखस और सभी मेवों ​​को मिक्सी में डालें। अब इसमें सौंफ, इलायची, दालचीनी, काली मिर्च, गुलाब की पंखुड़ियां और केसर डालकर पीस लें। उबले हुए दूध में तैयार ठंडाई पाउडर और चीनी मिलाएं। इसे 4 घंटे तक फ्रिज में रखकर ठंडा कर के परोसें।

#4

नारंगी लस्सी 

लस्सी गर्मियों के मौसम में पीया जाने वाला सबसे अच्छा पेय पदार्थ है। यह खासतौर से पंजाब और उत्तरी राज्यों में प्रसिद्ध है। आप होली पर नारंगी रंग दर्शाने के लिए संतरे की लस्सी बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए एक जार लें और उसमें दही, चीनी, इलायची पाउडर और संतरे के टुकड़े डालें। इसे मिक्सी में डालकर अच्छे से पीस लें। इसमें बर्फ के टुकड़े डालें और कटे हुए बादाम-पिस्ता छिड़ककर परोसें।

#5

लाल रूह अफजा शरबत

गुलाब के फूल का प्रयोग खान-पान में भी किया जाता है। आप इससे लाल रंग को दर्शाने वाला रूह अफजा शरबत बना सकते हैं। रूह अफजा जड़ी-बूटियों, फलों और गुलाब की पंखुड़ियों से बना एक सिरप होता है। सब्जा के बीज को ¾ कप पानी में भिगो दें। एक कटोरे में 3.5 कप पानी में रूह अफजा सिरप मिलाएं। अब इसमें भीगे हुए सब्जा के बीज भी डाल दें। सभी सामग्रियों को अच्छे से मिलाकर इसे बर्फ डालकर परोसें।