Page Loader
इस महाशिवरात्रि पर प्रसाद के लिए बनाएं ये 4 तरह की ठंडाई, तृप्त हो जाएगा मन 

इस महाशिवरात्रि पर प्रसाद के लिए बनाएं ये 4 तरह की ठंडाई, तृप्त हो जाएगा मन 

लेखन सयाली
Feb 20, 2024
05:09 pm

क्या है खबर?

इस साल 8 मार्च को महाशिवरात्रि का त्योहार मनाया जाएगा। शिवरात्रि और होली पर ठंडाई खास तौर से बनाई जाती है। यह पेय पदार्थ बेहद स्वादिष्ट होता है और इसे पीकर शरीर तरोताजा हो जाता है। ठंडाई गर्मी से निपटने के लिए भी अच्छा विकल्प है। इस महाशिवरात्रि पर आप भगवान शिव को प्रसाद में ठंडाई चढ़ा सकते हैं। यह पेय पदार्थ भोले बाबा का प्रिय माना जाता है। आइए 4 तरह की ठंडाई बनाने की रेसिपी जानते हैं।

#1

अमरूद ठंडाई 

बसंत के मौसम में बेहद मीठे अमरूद मिलते हैं। आप इन अमरूदों का उपयोग कर भगवान शिव के लिए ठंडाई बना सकते हैं। इसे बनाना बेहद आसान है और यह आपके शरीर को ठंडक पहुंचाएगी। अमरूद की ठंडाई बनाने के लिए एक जार में ठंडाई का मिश्रण डालें। अब इसमें दूध और अमरूद का गूदा मिला दें। इसमें बर्फ डालकर इसे मिक्सी में चलाएं। आपकी अमरूद ठंडाई तैयार है। अमरूद के सेवन से शरीर को ये फायदे मिलते है।

#2

गुलकंद ठंडाई

गुलाब खान-पान के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला फूल है। गुलाब की पंखुड़ियों को सुखाकर उनसे गुलकंद बनाया जाता है। इससे भी आप स्वादिष्ट और ताजगी से भरपूर ठंडाई बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए एक जार में चीनी, बादाम, किशमिश और गुलकंद डालकर पीस लें। अब इसमें दूध डालकर अच्छे से मिलाएं। गाढ़े रंग के लिए गुलाबी फूड कलर डालें और गुलाब की पंखुड़ी और सूखे मेवे को बारीक काटकर ऊपर से छिड़कें। इसमें बर्फ मिलाना न भूलें।

#3

सूखे मेवे की ठंडाई 

सूखे मेवों का उपयोग भारतीय मिठाइयों में विशेष रूप से किया जाता है। इनसे कई स्वास्थ्य संबंधी लाभ भी मिलते हैं। आप सूखे मेवों की ठंडाई बना सकते हैं। दूध गर्म करें और बादाम का छिलका निकालकर रखें। मिक्सी में बादाम, पिस्ता, काजू, खसखस डालकर पीस लें। दूध में उबाल आने पर केसर, चीनी, गुलाब की पंखुड़ियां और इलायची पाउडर डालकर 5 मिनट तक पकाएं। इसमें मेवों के पेस्ट को डालकर पकाएं और ठंडा होने के बाद बर्फ डालकर परोसें।

#4

केसर ठंडाई

केसर के फ्लेवर वाला खाना सभी को पसंद आता है। यह एक दुर्लभ मसाला है, जो सभी खानों के जायके को बढ़ाता है। आप इसकी लजीज ठंडाई बना सकते हैं। एक पैन में दूध उबालें और ठंडा होने के लिए रख दें। इसमें ठंडाई का पाउडर डालें और अच्छी तरह मिला लें। मिश्रण को 3-4 घंटे के लिए फ्रिज में रखें। इसे छानकर इसमें चीनी, इलाइची, केसर और बादाम डालकर अच्छी तरह मिला लें और बर्फ मिलाकर परोसें।