रात को कुछ मीठा खाने का मन करे तो बनाकर खाएं ये 5 स्वस्थ व्यंजन
क्या है खबर?
रोजाना रात के भोजन के बाद कुछ मीठा खाने की इच्छा होती है। हालांकि, रात के समय मीठा खाना स्वास्थ्य संबंधी कई परेशानियों को दावत दे सकता है।
यह आदत वजन घटाने में भी बाधा बन सकती है। अगर आपको भी हर रात मीठे की तलब होती है तो कुछ ऐसे व्यंजन हैं, जिन्हें आप बिना चिंता के खा सकते हैं।
हम आपको ऐसे 5 मीठे व्यंजनों की रेसिपी बताएंगे, जो न सिर्फ स्वादिष्ट बल्कि स्वस्थ भी होते हैं।
#1
चिया पुडिंग
वजन घटाने का प्रयास कर रहे लोग चिया पुडिंग खा सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले सब्जा के बीज और दूध को एक कटोरे में एक साथ मिला लीजिए।
करीब 1 कप दूध में 3-4 बड़े चम्मच सब्जा के बीज और गुड़ का सिरप मिलाएं और 2 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। यह थोड़ा गाढ़ा मिश्रण होना चाहिए।
आप इसे स्ट्रॉबेरी, केले या अपनी पसंद के किसी भी फल और मेवों के साथ खा सकते हैं।
#2
मिष्टी दोई
मिष्टी दोई या मीठी दही पश्चिम बंगाल की प्रसिद्ध मिठाई है। यह शरीर को ठंडक भी पहुंचाती है। इसे बनाने के लिए धीमी आंच पर एक बर्तन में 1 लीटर दूध चढ़ाएं। इसे ⅓ या ½ होने तक उबलने दें। अब इसे 8 मिनट ठंडा करें।
इसी बीच 175 से 180 ग्राम गुड़ को कद्दूकस कर के दूध में मिलाएं। अब इसमें इलाइची पाउडर और 2 चम्मच दही मिला दें। इसे कुल्हड़ में डालकर ठंडाकर परोसें।
#3
खजूर के लड्डू
खजूर प्राकृतिक तौर पर मीठे होते हैं। इनसे आप स्वस्थ लड्डू बना सकते हैं। सबसे पहले एक पैन में 15-20 खजूरों को नरम होने तक पकाएं। अब 1 कप सूखे मेवों को भून लें।
साथ ही ⅓ कप खरबूजे के बीजों को भी भूनें। अब एक मिक्सी में मेवों और बीजों को पीस के पाउडर तैयार करें। इसमें खजूर, ½ चम्मच वनीला एक्सट्रेक्ट और इलाइची पाउडर मिलाएं।
अब एक-एक इस मिश्रण से गोल आकार के लड्डू बना लें।
#4
बादाम मलाई कुल्फी
गर्मियों के मौसम में आप कुल्फी का चुनाव करें। इसे बनाने के लिए 20-25 बादाम उबालकर छील लें। अब इन्हें पीसकर पाउडर बना लें।
एक पैन में दूध गर्म करें और उसमें केसर डाल दें। दूध गाढ़ा होने पर इसमें बादाम का पाउडर मिलाएं। अब इसमें पिस्ता, गुड़, इलाइची पाउडर और दालचीनी पाउडर मिलाकर 30 मिनट पकने दें।
इसे कुछ देर के लिए फ्रिज में रखकर ठंडा कर लें। अब इस मिश्रण को कुल्फी के बर्तनों में डालकर जमा लीजिए।
#5
गुलकंद
अपनी डाइट में आप गुलकंद को जरूर शामिल करें। इसे बनाने के लिए गुलाब की पंखुड़ियों को धुलकर सुखा लें। इन्हें अच्छी तरह से मिक्सी में पीस लीजिए।
एक कांच के डिब्बे में इस पाउडर की एक परत बिछाएं और उसके ऊपर चीनी की एक परत फैलाएं। इस तरह से ही पूरा मिश्रण खत्म होने तक परत लगाते रहें।
डिब्बे को 7-10 दिनों के लिए धूप में रख दें। इसे फ्रिज में करीब 1 साल तक स्टोर कर सकते हैं।