Page Loader
वैक्सीनेशन का दूसरा चरण: पहले दिन 25 लाख रजिस्ट्रेशन, कई अति महत्वपूर्ण लोगों ने लगवाई वैक्सीन

वैक्सीनेशन का दूसरा चरण: पहले दिन 25 लाख रजिस्ट्रेशन, कई अति महत्वपूर्ण लोगों ने लगवाई वैक्सीन

Mar 02, 2021
08:37 am

क्या है खबर?

देश में कोरोना वायरस से सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे वैक्सीनेशन अभियान का दूसरा चरण 1 मार्च से शुरू हो गया है। इसमें 60 साल से अधिक उम्र के लोगों और 45 साल से अधिक उम्र के गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को वैक्सीन लगाई जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, दूसरे चरण के पहले दिन लगभग 25 लाख लाभार्थियों ने वैक्सीन लगवाने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया और लगभग 1.46 लाख लोगों ने पहली खुराक लगवाई।

दूसरा चरण

प्रधानमंत्री मोदी ने वैक्सीन लेकर की शुरुआत

देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत 16 जनवरी को हुई थी। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन कर्मियों को वैक्सीन लगाई जा रही थी। दूसरे चरण में पहली बार आम लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। वैक्सीनेशन अभियान मेंं भारत बायोटेक की कोवैक्सिन और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) की कोविशील्ड वैक्सीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कोवैक्सिन की पहली खुराक लगवा इस चरण की शुरुआत की थी।

वैक्सीनेशन अभियान

पहले दिन 24.5 लाख आम लोगों ने किया रजिस्ट्रेशन

सोमवार शाम तक के आंकड़ों की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से कहा गया कि कोविन प्लेटफॉर्म पर 25 लाख रजिस्ट्रेशन हुए हैं। इनमें 24.5 लाख आम लोगों और बाकी बचे हुए स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन कर्मियों के रजिस्ट्रेशन हैं। मंत्रालय ने बताया कि सोमवार को रजिस्ट्रेशन कराने वाले 25 लाख में से 6.44 लाख ने खुराक लगवाने के लिए अपॉइटमेंट भी बुक कर ली है। इस चरण में लाभार्थियों को खुद से रजिस्ट्रेशन का विकल्प मिल रहा है।

वैक्सीनेशन अभियान

आंकड़ों से समझिये पहले दिन की तस्वीर

मंत्रालय ने बताया कि सोमवार शाम तक वैक्सीन लगवाने वाले लोगों में से 1.28 लाख 60 साल से अधिक उम्र और 18,850 लाभार्थी 45 साल से अधिक उम्र के लोग थे। इन्हें सोमवार को वैक्सीन की पहली खुराक लगाई गई। सोमवार को शाम 7 बजे तक देशभर में कुल 4,27,072 खुराक लगाई गई थी। इनमें से 3,25,485 लाभार्थियों को पहली खुराक और 1,01,587 स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी खुराक लगाई गई। बता दें, कि कोरोना वैक्सीन की दो खुराक लेना जरूरी है।

वैक्सीनेशन

इन अति महत्वपूर्ण लोगों ने लगवाई वैक्सीन

सोमवार को दूसरे चरण की शुरुआत के दिन प्रधानमंत्री मोदी के अलावा कई अन्य अति महत्वपूर्ण लोगों ने भी वैक्सीन लगवाई। इनमें उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडू, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, सोम प्रकाश, राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक शामिल थे। इन नेताओं ने योग्य लोगों से भी कोरोना वायरस से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाने की अपील की है।