महाराष्ट्र: कोरोना वैक्सीन की दूसरी खुराक लगवाने के बाद 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के भिवंडी में कोरोना वायरस वैक्सीन की दूसरी खुराक लेने के थोड़ी देर बाद एक 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार की है।
जानकारी के अनुसार, मृतक व्यक्ति का नाम सुखदेव किरदत है।
एक नेत्र चिकित्सक के यहां ड्राइवर की नौकरी करने वाले सुखदेव ने भिवंडी के अस्पताल में वैक्सीन की दूसरी खुराक लगवाई थी। लगभग 15 मिनट बाद वो वैक्सीनेशन केंद्र के ऑब्जर्वेशन रूम में बेहोश हो गए थे।
जानकारी
अभी तक मौत के कारणों का पता नहीं
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वैक्सीनेशन केंद्र पर सुखदेव ने चक्कर आने की शिकायत की थी। हालत बिगड़ने के बाद उन्हें इंदिरा गांधी मेमोरियल अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
डॉक्टरों का कहना है कि अभी तक सुखदेव की मौत की वजहों का पता नहीं चला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही ये कारण सामने आएंगे।
बताया जा रहा है कि सुखदेव ने 28 जनवरी को कोरोना वैक्सीन की खुराक लगवाई थी।
बयान
उच्च रक्तचाप की समस्या से जूझ रहे थे सुखदेव- डॉक्टर
सुखदेव की सेहत के बारे में बताते हुए डॉ केआर खराट ने कहा, "उन्होंने लगभग एक महीने पहले वैक्सीन की खुराक ली थी। हमें पता चला है कि उन्हें कई सालों से उच्च रक्तचाप की समस्या थी। उनके पैरों पर सूजन जैसे लक्षण थे, लेकिन उनका BP और ऑक्सीजन स्तर सामान्य था।"
उन्होंने कहा कि सुखदेव शराब भी पीते थे, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक किसी इनमें से किसी भी वजह को मौत का कारण नहीं माना जा सकता।
वैक्सीनेशन अभियान
भारत में दो वैक्सीन हो रहीं इस्तेमाल
भारत में 16 जनवरी से दुनिया का सबसे बड़ा कोरोना वायरस वैक्सीनेशन अभियान चल रहा है।
इसके पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन कर्मियों को वैक्सीन गई। वहीं दूसरे चरण में 60 साल से अधिक उम्र के लोगों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है।
वैक्सीनेशन अभियान मेंं भारत बायोटेक की कोवैक्सिन और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) की कोविशील्ड वैक्सीन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
डाटा
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में अब तक कोरोना वैक्सीन की 1,56,20,749 खुराक लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 7,68,730 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। आगामी दिनों में रोजाना वैक्सीन लगवाने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
महामारी
महाराष्ट्र और देश में कोरोना की क्या स्थिति?
कोरोना से देश के सर्वाधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में अब तक 21,69,330 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 52,238 लोगों की मौत हुई है।
बीते कुछ दिनों से यहां संक्रमण की तेज रफ्तार ने हालात बिगाड़ दिए हैं।
वहीं अगर पूरे देश की बात करें तो 1.11 करोड़ लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 1,57,346 लोगों की इस खतरनाक वायरस के कारण मौत हुई है और 1,70,126 सक्रिय मामले हैं।