कोरोना वायरस: देश में बीते दिन मिले लगभग 15,000 मरीज, सक्रिय मामलों में फिर उछाल
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 14,989 नए मामले सामने आए और 98 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,11,39,516 हो गई है। इनमें से 1,57,346 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1,70,126 हो गई है। एक दिन की गिरावट के बाद सक्रिय मामले फिर बढ़े हैं।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 13,000 से अधिक मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 13,123 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,08,12,044 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 97.07 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 7,85,220 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 21.84 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना वायरस
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
अगर सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 21,69,330 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 52,238 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 10,64,279 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 4,226 मौतें हुई हैं।
9,52,037 मामलों और 12,343 मौतों के साथ कर्नाटक और 8,90,080 मामलों और 7,169 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 7,863 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 54 मरीजों की मौत हुई। संक्रमण की तेज रफ्तार के कारण राज्य में स्थिति खराब हो रही है।
इसी तरह केरल में बीते दिन 2,938 लोगों को संक्रमित पाया गया और 16 मरीजों की मौत हुई।
आंध्र प्रदेश में 106 नए मामले सामने आए और कोई मौत नहीं हुई, वहीं कर्नाटक में 437 मामले सामने आए और सात लोगों की मौत हुई।
डाटा
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में अब तक कोरोना वैक्सीन की 1,56,20,749 खुराक लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 7,68,730 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। आगामी दिनों में रोजाना वैक्सीन लगवाने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 11.47 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 11.47 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 25.47 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 2.87 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 5.16 लाख लोगों की मौत हुई है। संक्रमितों की संख्या के मामले में केवल अमेरिका भारत से आगे है।
तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 1.06 करोड़ संक्रमितों में से लगभग 2.57 लाख से अधिक मरीजों की मौत हुई है।