कोरोना वायरस: सातवां सबसे अधिक प्रभावित देश बना भारत, बीते दिन रिकॉर्ड नए मामले और मौतें
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 8,392 नए मामले सामने आए। ये अब तक एक दिन में सामने आए सबसे अधिक नए मामले हैं और इसी के साथ भारत सातवां सबसे अधिक प्रभावित देश बन गया है।
देश में अब तक 1,90,535 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है।
पिछले 24 घंटे में कोरोना से मरने वालों की संख्या भी रिकॉर्ड 230 रही और कुल मृतकों की संख्या 5,394 हो गई है।
राज्यों की स्थिति
इन राज्यों की स्थिति सबसे खराब
महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है और यहां अब तक 67,655 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है। राज्य में 2,286 लोगों ने वायरस की वजह से दम तोड़ा है।
तमिलनाडु दूसरा सबसे अधिक प्रभावित राज्य है। यहां अब तक 22,333 नए मामले सामने आ चुके हैं और 173 मरीजों की मौत हुई है।
दिल्ली में 473 मौत समेत 19,844 मामले और गुजरात में 1,038 मौत समेत 16,779 मामले सामने आए हैं।
जानकारी
पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 4,835 मरीज
अगर ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में 4,835 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 91,819 पहुंच गई है जो कुल मामलों की 48.19 प्रतिशत है। सक्रिय मामलों की संक्या 93,322 है।
दुनिया में स्थिति
सातवां सबसे अधिक प्रभावित देश बना भारत
पूरी दुनिया में भारत की स्थिति की बात करें तो कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या के मामले में जर्मनी और फ्रांस को पीछे छोड़ भारत कोरोना से सातवां सबसे अधिक प्रभावित देश बन गया है।
अमेरिका सबसे अधिक प्रभावित देश है और यहां अब तक 17.90 लाख लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है।
ब्राजील (5.14 लाख), रूस (4.05 लाख), यूनाइटेड किंगडम (2.76 लाख), स्पेन (2.39 लाख) और इटली (2.32 लाख) भी भारत से आगे हैं।
राहत
महज पांच प्रतिशत मरीजों को क्रिटिकल केयर की जरूरत
कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ने के बीच एक राहत भरी बात ये है कि बेहद कम मरीज गंभीर रूप से बीमार पड़ रहे हैं।
27 मई तक 83,004 सक्रिय मामलों में से महज पांच प्रतिशत को किसी तरह की क्रिटिकल केयर की जरूरत थी। इनमें से 1,868 (2.25 प्रतिशत) को ICU की जरूरत पड़ी, जिनमें से तीन वेंटीलेंटर्स पर थे।
वहीं 1,585 (1.91 प्रतिशत) ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे।
लगभग हर राज्य में यही स्थिति है।
लॉकडाउन
आज से शुरू हुआ 'अनलॉक 1'
गौरतलब है कि भारत में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड मामले ऐसे समय पर सामने आ रहे हैं जब देश लॉकडाउन से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा है।
आज से 'अनलॉक 1' शुरू हो रहा है जिसमें चरणों में देश को खोला जाएगा।
आज से अंतरराज्यीय परिवहन की इजाजत दे दी गई है, वहीं 8 जून से सभी धार्मिक स्थल, होटल, रेस्टोरेंट्स और मॉल्स शुरू हो सकेंगे। अन्य चीजों पर आगे के चरणों में फैसला लिया जाएगा।
जानकारी
आज से 200 ट्रेनें भी शुरू
रेलवे ने आज से 200 ट्रेनें भी शुरू कर दी हैं जिनमें पहले दिन 1.45 लाख से अधिक यात्री सफर करेंगे। इसके अलावा चुनिंदा घरेलू हवाई उड़ानें पहले से ही शुरू की जा चुकी हैं। बाकी ट्रेनें और हवाई उड़ानें चरणों में शुरू होंगी।