LOADING...
चीन की फैक्ट्री गतिविधियां 6 महीने के निचले स्तर पर पहुंची, क्या है गिरावट की वजह?
चीन की फैक्ट्री गतिविधियां 6 महीने के निचले स्तर पर पहुंची (तस्वीर: पिक्साबे)

चीन की फैक्ट्री गतिविधियां 6 महीने के निचले स्तर पर पहुंची, क्या है गिरावट की वजह?

Jul 31, 2025
01:46 pm

क्या है खबर?

चीन की फैक्ट्री गतिविधियों में बड़े स्तर पर गिरावट देखने को मिल रही है। रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई में चीन का मैन्युफैक्चरिंग PMI घटकर 49.3 रह गया, जो 6 महीने में सबसे निचला स्तर है। जून में यह आंकड़ा 49.7 था। 50 से नीचे का PMI अर्थव्यवस्था में गिरावट का संकेत देता है। यह गिरावट ऐसे समय में आई है जब अमेरिका के साथ टैरिफ समझौते की उम्मीद थी कि चीन को राहत मिलेगी, लेकिन वैसा नहीं हो सका।

वजह

गिरावट के पीछे का कारण क्या है?

राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो के मुताबिक, फैक्ट्रियों में उत्पादन घटने के पीछे घरेलू मांग में कमी, भारी बारिश, बाढ़ और अधिक तापमान जैसे मौसम संबंधी कारण हैं। इसके साथ ही जुलाई को पारंपरिक तौर पर चीन का ऑफ-सीजन माना जाता है। यही वजह रही कि निर्माण और सेवाओं का सूचकांक भी गिरकर 50.1 रह गया, जो पिछले महीने 50.5 था। ब्लूमबर्ग के अनुसार, विशेषज्ञों को यह उम्मीद नहीं थी कि जुलाई का आंकड़ा इतना गिर जाएगा।

संकेत

निर्यात और व्यापार में मंदी के संकेत

चीन के शीर्ष नेता पोलित ब्यूरो की बैठक में देश की आर्थिक मजबूती की बात कर रहे हैं, लेकिन आंकड़े इसके उलट हैं। जुलाई में देश के बंदरगाहों पर माल ढुलाई 3 महीने में सबसे कम रही। सिर्फ पिछले सप्ताह ही 7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इससे पता चलता है कि निर्यात में भी गिरावट आई, जिससे व्यापार में ठहराव आने लगा है। जबकि साल की पहली छमाही में चीन ने दक्षिण-पूर्व एशिया को रिकॉर्ड निर्यात किया था।

अन्य

नौकरियों और खपत को लेकर चिंता

चीन में घरेलू खपत कमजोर बनी हुई है, जिससे दबाव बढ़ सकता है। चीन के केंद्रीय बैंक के सर्वे में सामने आया कि आम लोग नौकरियों को लेकर पहले से ज्यादा निराश हैं। रोजगार बाजार के प्रति भरोसा अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। अगर स्थिति ऐसी रही, तो साल की दूसरी छमाही में आर्थिक मंदी की आशंका गहरा सकती है। हालांकि, अब तक चीन ने 5 प्रतिशत विकास दर का लक्ष्य लगभग पा लिया है।