Page Loader
अमेरिकी एजेंसी का दावा- संक्रमित सतहों या चीजों के जरिये आसानी से नहीं फैलता कोरोना वायरस

अमेरिकी एजेंसी का दावा- संक्रमित सतहों या चीजों के जरिये आसानी से नहीं फैलता कोरोना वायरस

May 23, 2020
12:06 pm

क्या है खबर?

पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले चुका कोरोना वायरस इंसानों से इंसानों में तेजी से फैलता है, लेकिन इसके सतह या दूसरी चीजों को छूने से फैलने का खतरा अपेक्षाकृत कम है। अमेरिका के सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रीवेंशन (CDC) ने यह बात कही है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि लोगों को संक्रमण से बचने के लिए बार-बार साबुन से हाथ धोने छोड़ देने चाहिए। आइए, इस बारे में विस्तार से जानते हैं।

संक्रमण

अभी तक क्या माना जाता था?

अभी तक यह माना जाता था कि संक्रमित व्यक्ति के मुंह से निकले थूक के कण अगर किसी सतह या चीज पर गिर जाए तो वह जगह संक्रमित हो जाती है। अगर कोई स्वस्थ व्यक्ति उस जगह या चीज को छूकर अपना हाथ मुंह, आंख या नाक के पास ले जाता है तो वह संक्रमित हो सकता है। हालांकि, पुख्ता तौर पर अभी यह पता नहीं है कि कोरोना वायरस किसी सतह पर कितनी देर तक रह सकता है।

संक्रमण

CDC ने रिपोर्ट में कही यह बात

CDC ने कहा, "यह संभव है कि कोई व्यक्ति वायरस वाली सतह या चीज को छूकर हाथ अपने मुंह, नाक और आंखों के पास ले जाता है तो वह संक्रमित हो सकता है, लेकिन यह वायरस के फैलने के मुख्य जरिया नहीं है। हम अभी इस वायरस के बारे में अन्य जानकारियां जुटा रहे हैं।" साथ ही CDC ने यह भी कहा कि कोरोना वायरस के जानवरों से इंसानों में फैलने के खतरे अभी काफी कम हैं।

जानकारी

इंफ्लूएंजा से तेज गति से फैलता है कोरोना वायरस

CDC ने चेतावनी देते हुए कहा कि कोरोना वायरस इंसानों के बीच बड़ी तेजी से फैलता है। इसके फैलने की रफ्तार इंफ्लूएंजा से भी तेज है। यह वायरस 6 फूट से कम दूरी पर खड़े व्यक्ति को अपनी चपेट में ले सकता है।

अध्ययन

कई दिनों तक सतह पर सकता है कोरोना वायरस

कुछ समय पहले न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित हुए एक अध्ययन में बताया गया था कि प्लास्टिक और स्टील जैसी सतहों पर कोरोना वायरस तीन दिन तक रह सकता है। वहीं गत्ते के सामान पर यह 24 घंटे तक जीवित रहता है। वहीं अब सामने आई CDC की रिपोर्ट में कहा गया है कि जापान के डायमंड प्रिंसेस क्रूज शिप से सभी सवारियों के उतरने के 17 दिन बाद कोरोना वायरस का अनुवांशिक पदार्थ वहां पाया गया था।

जानकारी

दुनिया भर में अब तक 52 लाख लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डैशबोर्ड के मुताबिक, दुनिया भर में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 52.1 लाख हो गई है। साथ ही इस महामारी के कारण अब तक 3,38,160 लोगो की जान जा चुकी है।

कोरोना वायरस

भारत में संक्रमितों की संख्या 1.25 लाख पार

भारत में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,25,101 पहुंच गई है। देश में अब कोरोना वायरस के 69,597 सक्रिय मामले हैं, 3,720 लोगों की मौत हो चुकी है और 51,783 लोग ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान देश में इस महामारी के 6,654 नए मरीज मिले हैं और 137 लोगों की मौत हुई है। एक दिन में मिले मरीजों की यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।