कोरोना वायरस: सूरत में धोबीघर संचालक पाया गया पॉजिटिव, 54,000 लोगों को किया गया होम क्वारंटाइन
क्या है खबर?
गुजरात के सूरत में धोबीघर चलाने वाले एक शख्स में कोरोना वायरस का संक्रमण पाए जाने के बाद 16,000 से अधिक घरों को सील कर दिया गया है और 54,000 लोगों को होम क्वारंटाइन में रहने का आदेश दिया है।
प्रशासन पूरे इलाके को सैनिटाइज कर रहा है जिनमें 12 अस्पताल, 23 मस्जिद, 22 मुख्य सड़कें और 82 अंदरूनी सड़कें शामिल हैं।
इसके अलावा प्रशासन डोर-टू-डोर सर्वे भी करा रहा है।
पूरा मामला क्या है आइए जानते हैं।
मामला
नौ लोगों में लक्षण दिखने के बाद की गई कार्रवाई
'अहमदाबाद मिरर' की खबर के अनुसार, सूरत के रांदेर क्षेत्र में पिछले दिनों धोबीघर चलाने वाले एक 67 वर्षीय शख्स को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था।
हाल ही में इलाके के नौ लोगों में कोरोना वायरस जैसे लक्षण देखे गए जिसके बाद सूरत नगर निगम (SMC) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके को सील कर दिया ताकि इसे कोरोना वायरस का केंद्र बनने से रोका जा सके।
बयान
54,003 लोगों को किया गया होम क्वारंटाइन
SMC कमिश्नर बांछानिधि पाणी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया, "SMC की 83 निगरानी टीमों ने 16,785 घरों में डोर-टू-डोर सर्वे किया और 54,003 लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है। करीब नौ लोगों ने हल्के बुखार की शिकायत की थी जिसके बाद उन्हें दवाई दी गई। SMC ने रांदेर और आसपाल के इलाकों का सैनिटाइज कर रही है।"
उन्होंने बताया कि मरीज के घर और उसके आसपास के एक किलोमीटर के पूरे इलाके को सैनिटाइज किया गया है।
तत्पर कार्रवाई
अधिकारी पता लगा रहे, किसके यहां से आते-जाते थे कपड़े
अधिकारियों के अनुसार, कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए धोबीघर संचालक के पास पूरे इलाके से कपड़े आते हैं और इसी कारण प्रशासन मामले को लेकर इतना गंभीर है।
उसकी दुकान से कहां-कहां कपड़े गए और कहां-कहां से कपड़े लिए गए, इस बात का पता लगाया जा रहा है।
पाणी ने कहा, "शहर खतरे में हैं क्योंकि रांदेर लोकल ट्रांसमिशन का केंद्र हो सकता है, इसलिए SMC ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्पर कार्रवाई की है।"
स्थिति
गुजरात में कोरोना वायरस के 87 मामले, सात की मौत
बता दें कि गुजरात में अब तक कोरोना वायरस के 87 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि सात लोगों को इसके कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। आठ मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं।
इस बीच कम से कम सात मरीज ऐसे हैं जिन्हें संक्रमण कैसे लगा, इसके बारे में अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। ऐसा कम्युनिटी ट्रांसमिशन के दौरान होता है, लेकिन केंद्र सरकार इस चरण में पहुंचने से इनकार करती रही है।
जानकारी
भारत में 2,301 मामले, 56 की मौत
अगर पूरे भारत की बात करें तो अब तक कोरोना वायरस के 2,301 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 56 लोगों को इसके कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। वहीं 156 लोग सफल इलाज के बाद अपने घर जा चुके हैं।