Page Loader
कोरोना वायरस: राजस्थान में हुई पहली मौत, 73 वर्षीय बुजुर्ग ने तोड़ा दम

कोरोना वायरस: राजस्थान में हुई पहली मौत, 73 वर्षीय बुजुर्ग ने तोड़ा दम

Mar 26, 2020
05:54 pm

क्या है खबर?

भारत में कोरोना का प्रकोप नहीं थम रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा पूरी तरह से लॉकडाउन किए जाने की घोषणा के बाद भी देश में इसके संक्रमित और मृतकों की संख्या बढ़ रही है। ताजा मौत का मामला सामने आया है राजस्थान से, यहां के भीलवाड़ा जिले में कोरोना से संक्रमित एक 73 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। यह राजस्थान में कोरोना से पहली मौत है। इसी तरह कर्नाटक में भी एक 75 वर्षीय महिला की मौत हुई है।

मौत

कर्नाटक में महिला की मौत के बाद हुई संक्रमण की पुष्टि

चिकित्सा अधिकारियो ने बताया कि राजस्थान में 73 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई है। वह कोरोना से संक्रमित था और उसकी तबीयत में सुधार नहीं हो रहा था। इसी तरह कर्नाटक में बुधवार को उपचार के दौरान एक 75 वर्षीय महिला की मौत हो गई थी। चिकित्सकों ने उसके कोरोना से संक्रमित होने का अंदेशा जताया था। राज्य के चिकित्सा मंत्री के सुधाकर ने उसकी जांच कराई, जिसमें मौत के बाद उसके कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

बढ़ रहा प्रसार

गुजरात में हुई तीन की मौत, जम्मू-कश्मीर में पहली

गुजरात के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव जयंती एस रवि ने भावनगर में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना संक्रमण के कारण मौत होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि राज्य में मृतकों की संख्या तीन हो गई। इससे पहले अहमदाबाद में 85 वर्षीय महिला और सूरत में 69 वर्षीय बुजुर्ग की संक्रमण से मौत हुई थी। इसी तरह जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में भी 65 वर्षीय व्यक्ति के रूप में पहली मौत हो चुकी है।

जानकारी

अधिकारियों ने अनुसार महाराष्ट्र में चार हुई मृतकों की संख्या

महाराष्ट्र चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि गत 24 मार्च को नवी मुंबई की एक बुजुर्ग महिला की मौत हुई थी। उसके अब कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि इस मौत के साथ ही राज्य में मृतकों की संख्या चार हो गई है।

अन्य मौत

इन राज्यों में भी हुई मौत

भारत में कोरोना से पहली मौत कालाबुरगी में 76 वर्षीय व्यक्ति की हुई थीं। उसके बाद अन्य मौतों में दिल्ली में 68 वर्षीय महिला, पंजाब में 72 वर्षीय बुजुर्ग और पटना में एक 38 वर्षीय युवक की मौत शामिल है। इसी तरह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में 68 वर्षीय बुजुर्ग, पश्चिम बंगाल के दमदम में एक 57 वर्षीय, तमिलनाडु के मदुरै में 54 वर्षीय बुजुर्ग् और मध्य प्रदेश के इंदौर में एक 65 वर्षीय महिला की मौत हो चुकी है।

कुल मामले

भारत में 694 लोगों के हुई कोरोना संक्रमण की पुष्टि

गुरुवार को शाम 04:30 बजे तक भारत में 694 लोगों के कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 37 नए मामले गुरुवार को सामने आए हैं। इसी तरह 42 मीरजों को उपचार के बाद स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। सरकार के आंकड़ों के अनुसार देश में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। ICMR के अनुसार बुधवार शाम 8 बजे तक 24,254 लोगों के 25,144 नमूनों की जांच की जा चुकी थीं।

कोरोना

क्या है कोरोना वायरस?

कोरोना वायरस को पहली बार दिसंबर 2019 में चीन के वुहान शहर में रिपोर्ट किया गया था। यह वायरस लोगों की श्वसन प्रणाली पर हमला करता है। इससे संक्रमित को बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ होती है। सही उपचार नहीं मिलने से पर संक्रमित की मृत्यु भी हो सकती है। वर्तमान में कोरोना दुनियाभर के 170 देशों में पैर पसार चुका है। दुनिया में इससे अब तक 22,021 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4.86 लाख संक्रमित हैं।