केंद्र सरकार का सोशल मीडिया कंपनियों को पत्र, 'भारतीय वेरिएंट' वाली पोस्ट हटाने को कहा
क्या है खबर?
केंद्र सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को कोरोना वायरस के 'भारतीय वेरिएंट' का जिक्र करने वाली पोस्ट्स को हटाने की एडवाइजरी जारी की है।
सरकार ने इन कंपनियों को लिखे गए अपने पत्र में कहा है कि भारतीय वेरिएंट शब्द का उपयोग बिना किसी आधार के हो रहा है और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) कभी भी किसी वेरिएंट का नाम उस देश के नाम पर नहीं रखता है जहां वह सबसे पहले पाया गया था।
एडवाइजरी
सरकार ने एडवाइजरी में क्या कहा?
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, सूचना प्रौद्योगिकी (IT) मंत्रालय ने सोशल मीडिया कंपनियों को भेजी गई अपनी एडवाइजरी में लिखा है, "ये पूरी तरह झूठ है। WHO ने कोविड-19 के ऐसे किसी वेरिएंट का वैज्ञानिक तौर पर जिक्र नहीं किया है। WHO ने अपनी किसी भी रिपोर्ट में B.1.617 वेरिएंट को 'भारतीय वेरिएंट' शब्द से नहीं जोड़ा है।"
इस दलील के बाद मंत्रालय ने कंपनियों को भारतीय वेरिएंट नाम इस्तेमाल करने वाले सभी कंटेट हटाने को कहा है।
दलील
देश की छवि खराब करता है 'भारतीय वेरिएंट' शब्द का उपयोग- अधिकारी
एक शीर्ष सरकारी सूत्र ने रॉयटर्स से कहा कि भारतीय वेरिएंट का उपयोग करना गलतफहमी फैलाता है और देश की छवि को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि यह संदेश स्पष्ट और जोरदार तरीके से देने के लिए यह नोटिस जारी किया गया है।
वहीं एक अन्य अधिकारी ने PTI से कहा कि भारतीय वेरिएंट के बारे में गलत खबरों को फैलने से रोकने के लिए यह एडवाइजरी जारी की गई है।
बयान
सभी पोस्ट को हटाना होगा मुश्किल- सोशल मीडिया अधिकारी
एक सोशल मीडिया कंपनी के अधिकारी ने इस एडवाइजरी पर कहा कि 'भारतीय वेरिएंट' शब्द का इस्तेमाल करने वाली सभी पोस्ट को हटाना मुश्किल होगा क्योंकि ऐसी लाखों पोस्ट हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से कीवर्ड आधारित सेंसरशिप को बढ़ावा मिलेगा।
विवाद
पिछले कुछ दिन से 'भारतीय वेरिएंट' शब्द के इस्तेमाल पर विवाद
बता दें कि बीते कुछ दिनों से कोरोना वायरस के B.1.617 वेरिएंट के लिए 'भारतीय वेरिएंट' शब्द इस्तेमाल करने को लेकर विवाद बना हुआ है। इस डबल म्यूटेंट वेरिएंट को पहली बार पिछले साल अक्टूबर में भारत में पाया गया था और ये कई देशों में फैल चुका है।
पिछले दिनों कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के बाद WHO ने भी सफाई जारी करते हुए कहा था कि उसने कभी भी B.1.617 वेरिएंट के लिए भारतीय वेरिएंट शब्द का इस्तेमाल नहीं किया।
कोरोना का कहर
भारत में क्या है महामारी की स्थिति?
भारत में शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 2,57,299 नए मामले सामने आए और 4,194 मरीजों की मौत हुई।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2,62,89,290 हो गई है। इनमें से 2,95,525 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या कम होकर 29,23,400 रह गई है।
इन दिनों देश में कोरोना वायरस का B.1.617 वेरिएंट प्रमुखता से फैल रहा है।