किसान संगठनों ने कल 16 फरवरी को 'भारत बंद' बुलाया, जानें क्या-क्या बंद रहेगा
क्या है खबर?
किसानों के 'दिल्ली चलो मार्च' का आज तीसरा दिन है। अभी तक कोई समाधान न निकलता देख संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने सरकार पर दबाव बनाने के लिए 16 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है।
मोर्चा ने सभी समान विचारधारा वाले किसान संगठनों से एकजुट होने और केंद्रीय ट्रेड यूनियनों द्वारा बुलाए गए 16 फरवरी के ग्रामीण भारत बंद में भाग लेने का आग्रह किया है।
आइए जानते हैं इस दौरान क्या बंद और क्या खुला रहेगा।
बंद
क्या-क्या रहेगा बंद?
किसान संगठनों के अनुसार, भारत बंद 16 फरवरी को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। इसके अलावा किसान दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक देशभर में चक्का जाम भी करेंगे।
पंजाब में ज्यादातर राज्य और राष्ट्रीय राजमार्ग 4 घंटे के लिए बंद रहेंगे। बंद का ज्यादा असर ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में परिवहन, कृषि मंडियां, निजी दुकानें और मनरेगा से जुड़े कार्य बंद रहेंगे।
सेवाएं
आपातकालीन सेवाओं पर नहीं होगा असर
SKM द्वारा जारी दिशा-निर्देश में कहा गया कि 16 फरवरी को सब्जियों और अन्य फसलों की आपूर्ति, खरीद और बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी।
सब्जी मंडियों, अनाज मंडियों, सरकारी और गैर सरकारी दफ्तरों, ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी संस्थानों और निजी प्रतिष्ठानों को भी बंद रखा जाएगा।
हालांकि, आपातकालीन सेवाएं, समाचार पत्र वितरण, शादी-विवाह और शोक से जुड़े कार्यक्रमों पर रोक नहीं रहेगी। परीक्षा देने जा रहे छात्रों और एयरपोर्ट जा रहे लोगों को भी नहीं रोका जाएगा।
SKM
किसानों के प्रदर्शन में शामिल नहीं है SKM
दरअसल, किसानों के दिल्ली चलो मार्च में SKM शामिल नहीं है। इस मार्च का नेतृत्व किसान मजदूर मोर्चा (KMM) और SKM (गैर-राजनीतिक) कर रहे हैं, जो पहले SKM का ही हिस्सा हुआ करते थे।
2020-21 में किसान आंदोलन के बाद यह संगठन अलग हो गए थे। जिन मांगों को लेकर SKM ने भारत बंद बुलाया है, उन्हीं मांगों को लेकर KMM दिल्ली मार्च कर रहा है।
बता दें कि पहले किसान आंदोलन का नेतृत्व SKM ने किया था।
पंजाब
आज पंजाब में किसानों ने रेल रोकी
आज पंजाब में कई जगहों पर किसानों का रेल रोको आंदोलन जारी है। करीब 7 जगहों पर किसान पटरी पर बैठ गए हैं। किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि या तो मांगे स्वीकार की जाएं या प्रदर्शन की अनुमति दी जाए।
दूसरी ओर केंद्र सरकार ने पंजाब-हरियाणा सीमा से सटे कई इलाकों में इंटरनेट सेवा पर 16 फरवरी तक रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं। आज किसानों और केंद्र सरकार के बीच बातचीत भी होनी है।