पैंगोंग झील: सेना पीछे हटाने में तेजी दिखा रहा चीन, दो दिन में 200 टैंक हटाए
क्या है खबर?
पैंगोंग झील के उत्तरी और दक्षिणी किनारे पर सेनाएं पीछे हटाने के समझौते के बाद चीन ने बेहद तेजी से अपने टैंक पीछे हटाए हैं और उसकी इस तेजी ने भारत को भी चौंका दिया है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, चीन दक्षिणी किनारे से दो दिन में 200 से अधिक टैंकों को हटा चुका है, वहीं उत्तरी किनारे के फिंगर्स एरिया से सैनिकों को वापस ले जाने के लिए लगभग 100 बड़े वाहन मौके पर पहुंच गए हैं।
समझौता
राजनाथ सिंह ने कल किया था सैनिक वापसी के समझौते का ऐलान
भारत-चीन सीमा पर पिछले 10 महीने से कायम गतिरोध को तोड़ने में एक बड़ी सफलता का ऐलान करते हुए कल भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि दोनों देशों में पैंगोंग झील से सेनाएं पीछे हटाने पर समझौता हुआ है।
इसके तहत चीन फिंगर आठ तक और भारत फिंगर तीन तक अपनी सेनाओं को पीछे हटाएंगे। राजनाथ ने कहा था कि फिंगर तीन से फिंगर आठ के बीच अगले समझौते तक गश्त और अन्य सैन्य गतिविधियां बंद रहेंगी।
बयान
भारत ने भी हटाए टैंक, लेकिन बुरी परिस्थितियों के लिए तैयार- अधिकारी
एक शीर्ष सरकारी अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर बताया, "चीनी वापसी की तेजी उसकी तैनाती करने की क्षमता को भी दर्शाती है। यह एक सैन्य कला है। भारतीय पक्ष ने भी अपने टैंकों को पीछे किया है, लेकिन सबसे बुरी परिस्थिति के लिए आकस्मिक योजनाएं भी तैयार हैं।"
उन्होंने कहा कि गुरूवार शाम तक लद्दाख में 1,597 किलोमीटर लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर सैन्य वापसी की कार्यवाही संतोषजनक तरीके से चल रही थी।
प्रक्रिया
अधिकारी बोले- शनिवार तक सेनाओं को पूरी तरह से पीछे हटा लेंगे दोनों पक्ष
अधिकारियों ने कहा कि भारत का दुनिया की सबसे बड़ी सेना होने की शेखी बघारने वाले और उभरती महाशक्ति चीन को उसके स्थायी कैंप पर वापस लौटने के लिए राजी करना किसी उपलब्धि से कम नहीं है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों में तीन दिन के अंदर सेनाओं की पूरी तरह से पीछे हटाने का समझौता हुआ है और दोनों पक्ष शनिवार तक अपनी सेनाएं पूरी तरह से पीछे हटा लेंगे।
समझौता
चीन फिंगर आठ तो भारत फिंगर तीन तक हटेगा पीछे
सरकारी अधिकारियों ने बताया कि समझौते का मूल सिद्धांत यह है कि दोनों सेनाएं अंत में अपने स्थायी कैंपों तक पीछे हटेंगी जैसा कि अप्रैल, 2020 में था।
इसका मतलब उत्तरी किनारे पर चीन अपने सैनिकों को फिंगर आठ के पूर्व में स्थित श्रीजाप सेक्टर तक पीछे हटाएगा, वहीं भारतीय सेना फिंगर तीन पर स्थित अपने धन सिंह थापा स्थायी कैंप तक पीछे हटेगी।
दक्षिणी किनारे पर भी यही भारत चुशूल और चीन मोल्डो तक पीछे हटेंगे।
बयान
पैंगोंग झील के बाद अन्य इलाकों से सैन्य वापसी पर होगी बातचीत- अधिकारी
एक अधिकारी ने बताया कि पैंगोंग झील से टैंकों, तोपों और सैनिकों की पूरी तरह से वापसी के बाद दोनों पक्ष झील के उत्तर में स्थित गोगरा और हॉट स्प्रिंग्स इलाके में सेनाएं पीछे हटाने पर बातचीत करेंगे।
सीमा पर तनाव
पिछले साल अप्रैल से जारी है भारत और चीन के बीच तनाव
गौरतलब है कि भारत और चीन के बीच अप्रैल से LAC पर तनाव बना हुआ है और इस समझौते से पहले चार जगहों पर दोनों देशों के सैनिक आमने-सामने थे।
इनमें देपसांग, गोगरा, पैंगोंग झील का फिंगर्स एरिया और चुशूल सब-सेक्टर शामिल हैं। पहले तीन इलाकों में चीन ने LAC पार करके भारतीय इलाके पर कब्जा कर रखा है।
दोनों देशों के हजारों सैनिक LAC पर तैनात हैं और कुछ जगह उनके बीच मात्र कुछ सौ मीटर का फासला है।