Page Loader
तुर्की की कंपनी सेलेबी एविएशन का भारत में विरोध, यहां क्या-क्या काम करती है कंपनी?
सेलेबी एविएशन भारत के 9 हवाई अड्डों पर ग्राउंड संचालन संभालती है

तुर्की की कंपनी सेलेबी एविएशन का भारत में विरोध, यहां क्या-क्या काम करती है कंपनी?

लेखन आबिद खान
May 15, 2025
05:03 pm

क्या है खबर?

भारत के खिलाफ युद्ध में पाकिस्तान की मदद करना तुर्की को भारी पड़ता दिख रहा है। तुर्की के सेब और मार्बल के विरोध के बाद मुंबई में तुर्की की कंपनी सेलेबी एविएशन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया है। छत्रपति शिवाजी महाराज हवाई अड्डे पर शिवसेना (शिंदे गुट) ने प्रदर्शन कर यहां से सेलेबी कंपनी की सेवाएं हटाने की मांग की हैं। यह कंपनी हवाई अड्डे पर ग्राउंड संचालन संभालती है। आइए कंपनी के बारे में जानते हैं।

कंपनी

सेलेबी एविएशन के बारे में जानिए

सेलेबी एविएशन होल्डिंग तुर्की की कंपनी है, जो एकीकृत ग्राउंड हैंडलिंग सेवाओं में विशेषज्ञता रखती है। इसकी स्थापना 1958 में हुई थी और फिलहाल इसे दुनिया की शीर्ष ग्राउंड हैंडलिंग कंपनियों में से एक माना जाता है। ये रैंप हैंडलिंग, यात्री और कार्गो संचालन, गोदाम प्रबंधन, पुल संचालन, सामान्य विमानन और प्रीमियम एयरपोर्ट लाउंज सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी करीब 15,000 कर्मचारियों के साथ 3 महाद्वीपों, 6 देशों और 70 हवाई अड्डों पर काम करती है।

काम

क्या काम करती है सेलेबी एविएशन?

सेलिबी एविएशन के कर्मचारी एयरसाइड जोन में काम करते हैं, जो हवाई अड्डे का सुरक्षित क्षेत्र होता है। ये कर्मचारी सीधे विमानों के संपर्क में आकर काम करते हैं। इनमें कार्गो लॉजिस्टिक्स, यात्री सेवाएं, बैगेज संभालना, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए निर्धारित सामान शामिल करना और पुल संचालन जैसे कर्तव्य शामिल हैं। कंपनी कार्गो और डाक सेवाओं के साथ-साथ गोदाम प्रबंधन का भी काम संभालती है, जिसमें सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल की जरूरत होती है।

ट्विटर पोस्ट

शिवसेना ने सेलेबी एविएशन का किया विरोध

भारत

सेलेबी भारत में किन-किन हवाई अड्डों पर देती हैं सेवाएं?

सेलेबी की भारत में 2 कंपनियां हैं। ग्राउंड हैंडलिंग संचालन का प्रबंधन करने के लिए सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया और दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कार्गो सेवाओं के लिए सेलेबी दिल्ली कार्गो टर्मिनल मैनेजमेंट इंडिया। कंपनी दिल्ली, मुंबई बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, अहमदाबाद, गोवा, कोचीन और कन्नूर सहित 9 प्रमुख हवाई अड्डों पर परिचालन करती है। यहां सेलेबी सालाना 58,000 से अधिक उड़ानों और 5.40 लाख टन कार्गो को संभालती है। इसके लिए कंपनी ने 7,800 कर्मचारी तैनात किए हैं।

बयान

अधिकारी ने कहा- रातोंरात खत्म नहीं हो सकता अनुबंध

मुंबई हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने मिंट से कहा, "यात्री सेवाओं और उड़ान संचालन से लेकर रैंप सेवाओं तक लोड नियंत्रण से लेकर, कंपनी सामान्य विमानन सेवाओं, कार्गो और डाक सेवाओं, गोदामों और ब्रिज संचालन को शुरू से अंत तक संभालती है। बहिष्कार रातोंरात नहीं होता है। कंपनी की बड़ी मौजूदगी को देखते हुए यह रातोंरात नहीं हो सकता। मानते हैं कि राष्ट्रीय भावना है, लेकिन इसमें समय लगता है।"

विरोध

तुर्की का क्यों हो रहा है विरोध?

दरअसल, 'ऑपरेशन सिंदूर' से बौखलाए पाकिस्तान ने भारत पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया था। इस दौरान पाकिस्तान ने तुर्की में बने ड्रोन का इस्तेमाल किया था। सेना ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा था कि प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि ये तुर्की के असीसगार्ड सोंगर ड्रोन हैं। इसके बाद से ही भारत में तुर्की का बहिष्कार शुरू हो गया है। सेब से लेकर मार्बल और दूसरे उत्पादों का विरोध किया जा रहा है।