Page Loader
महाराष्ट्र: एकनाथ शिंदे ने अपने बेटे श्रीकांत को उपमुख्यमंत्री बनाने की रखी शर्त, शिवसेना में विरोध
महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे अपने बेटे श्रीकांत को बनाना चाहते हैं उपमुख्यमंत्री

महाराष्ट्र: एकनाथ शिंदे ने अपने बेटे श्रीकांत को उपमुख्यमंत्री बनाने की रखी शर्त, शिवसेना में विरोध

लेखन गजेंद्र
Nov 27, 2024
03:36 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद भी भाजपा नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने अभी तक मुख्यमंत्री पद को लेकर किसी चेहरे की घोषणा नहीं की है। हालांकि, इस बीच खबर आ रही है कि दिल्ली में भाजपा नेतृत्व ने देवेंद्र फडणवीस को अगला मुख्यमंत्री लगभग तय कर दिया है और इसकी जानकारी शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे को दे दी है। शिंदे के लिए उपमुख्यमंत्री बनने का विकल्प है, लेकिन उन्होंने एक नई शर्त रखी है।

सरकार

अपने बेटे को उपमुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं शिंदे

इंडिया टीवी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि एकनाथ शिंदे ने अपने बेटे श्रीकांत शिंदे के लिए फडणवीस के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री का पद मांगा है। हालांकि, इस पर भाजपा ने कोई जवाब नहीं दिया। शिंदे की इस शर्त का उनकी शिवसेना में ही विरोध शुरू हो गया क्योंकि इससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है। दूसरी तरफ, शिंदे भी उद्धव ठाकरे के बेटे के आदित्य ठाकरे पर आपत्ति जता चुके थे।

शपथ

अजित पवार उपमुख्यमंत्री, 2 दिसंबर को होगा शपथ ग्रहण समारोह

शिवसेना (एकनाथ शिंदे) के सांसद नरेश म्हास्के का कहना है कि अगर महायुति फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाती है तो वे इस फैसले को स्वीकार करेंगे। वहीं, अजित पवार को दोबारा से उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है और उनको वित्त मंत्रालय भी मिलना तय है। एकनाथ शिंदे अगर उपमुख्यमंत्री के लिए राजी नहीं होते तो उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में कोई पद मिल सकता है। शपथ ग्रहण समारोह 2 दिसंबर को मुंबई के शिवाजी पार्क में होने की संभावना है।