
पाकिस्तान में 51 जगह को बलोच लिबरेशन आर्मी ने बनाया निशाना
क्या है खबर?
पाकिस्तान को भारत के अलावा उनके देश में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) से कड़ी चुनौती मिल रही है। BLA ने एक बयान में बताया कि उसने बलूचिस्तान में 51 जगह 71 से अधिक हमले किए हैं।
BLA प्रवक्ता जियंद बलूच ने क्षेत्रीय बदलाव की चेतावनी दी और कहा कि दक्षिण एशिया में एक नई व्यवस्था जरूरी हो गई है।
उन्होंने विदेशी प्रॉक्सी होने के दावों को खारिज किया और खुद को क्षेत्र के भविष्य में गतिशील और निर्णायक पार्टी बताया।
हमला
BLA ने पाकिस्तान के शांति की बात को धोखा बताया
BLA की ओर से रविवार को जारी बयान में कहा गया, "बलूच राष्ट्रीय प्रतिरोध किसी राज्य या शक्ति का प्रतिनिधि है। BLA न तो मोहरा है और न ही मूक दर्शक, बलूच लिबरेशन आर्मी एक गतिशील और निर्णायक पार्टी है। इस क्षेत्र के वर्तमान और भविष्य के सैन्य, राजनीतिक और रणनीतिक गठन में हमारा अपना उचित स्थान है।"
जियंद ने कहा कि पाकिस्तान की शांति, युद्ध विराम और भाईचारे की बात एक छलावा, युद्ध की रणनीति और अस्थायी चाल है।
बयान
पाकिस्तान के हाथ खून से रंगे हैं- BLA
जियंद ने आगे कहा, "पाकिस्तान का इतिहास टूटे वादों, विश्वासघात और आतंकवाद के संरक्षण में लिखा गया है। यह एक ऐसा राज्य है जिसके हाथ खून से रंगे हैं और जिसका हर वादा खून से लथपथ है। हम भारत और क्षेत्र के अन्य देशों से कहते हैं कि पाकिस्तान के वादों पर भरोसा करने का समय बीत चुका है। अब समय आ गया है कि उपमहाद्वीप और दुनिया इस आतंकवादी राज्य के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करे।"
हमला
परमाणु खतरे की भी चेतावनी दी
BLA ने पाकिस्तानी सेना और खुफिया एजेंसी ISI को वैश्विक आतंकवादियों का प्रजनन स्थल और लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और इस्लामिक स्टेट (IS) आतंकवादी समूहों के राज्य प्रायोजित विकास का केंद्र बताया।
प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान हिंसक विचारधारा वाला परमाणु राज्य है, जिसपर अभी ध्यान न दिया गया तो परिणाम गंभीर हो सकते हैं।
BLA ने भारत सहित अंतरराष्ट्रीय समुदाय से राजनीतिक, कूटनीतिक और रक्षा समर्थन की अपील कर कहा कि इससे शांतिपूर्ण, समृद्ध और स्वतंत्र बलूचिस्तान का मार्ग प्रशस्त होगा।
जानकारी
सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया
BLA प्रवक्ता ने दावा किया कि उसने पिछले एक हफ्ते में पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों के खिलाफ बड़े पैमाने पर हमला किया और बलूचिस्तान में 51 से अधिक स्थानों पर 71 हमले किए। इस दौरान सैन्य काफिले, खुफिया केंद्र और खनिज परिवहन वाहन को निशाना बनाया।