Page Loader
धरती बचाने में बनें सहभागी, जानें पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कैसे बनाएं करियर
तेजी से बढ़ते शहरीकरण और औद्योगीकरण के चलते प्राकृतिक संतुलन प्रभावित हो रहा है

धरती बचाने में बनें सहभागी, जानें पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कैसे बनाएं करियर

लेखन तौसीफ
Apr 18, 2022
06:30 pm

क्या है खबर?

पानी, हवा और सूरज की रोशनी हमें पर्यावरण से मिलती हैं और यह हमारे जीवनयापन के लिए बेहद जरूरी है। लेकिन तेजी से बढ़ते शहरीकरण और औद्योगीकरण से प्राकृतिक संतुलन प्रभावित हुआ है। ग्लोबल वॉर्मिंग, भूमि, जल और वायु प्रदूषण, पेड़ों की कटाई और कई अन्य कारण पर्यावरण के सामने आने वाली प्रमुख समस्याएं हैं। अगर आपको इस पर्यावरण संरक्षण में दिलचस्पी है तो हम आपको बताएंगे कि आप कैसे इस क्षेत्र में अपना बेहतर भविष्य बना सकते हैं।

पर्यावरण विज्ञान

पर्यावरण विज्ञान में करियर बनाना एक बेहतर विकल्प

पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय है, इसी कारण पर्यावरण विज्ञान करियर के लिए एक बेहतर विकल्प है। पर्यावरण विज्ञान का संबंध पर्यावरण को प्रभावित करने वाले कारकों और जीवित प्राणियों की पर्यावरण पर निर्भरता से है। इसमें पर्यावरण परिवर्तन, जैव विविधता, अलग-अलग तरह के प्रदूषण और पर्यावरण पर इनके प्रभाव जैसे विषयों के बारे में बताया जाता है।

योग्यता

पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए योग्यता क्या होनी चाहिए?

बता दें कि पर्यावरण संरक्षण एक रिसर्च-आधारित स्ट्रीम है और इसमें बेहतर करियर के लिए ऊंची डिग्री जरूरी मानी जाती है। हालांकि फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के साथ कक्षा 12 पास कर चुके छात्र पर्यावरण विज्ञान के स्नातक कोर्स में प्रवेश ले सकते हैं, लेकिन इसका स्नातक कोर्स देश के कुछ संस्थानों में ही मौजूद है। अधिकतर संस्थानों में एडमिशन संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE) या संस्थान की तरफ से आयोजित प्रवेश परीक्षा के जरिए मिलता है।

संस्थान

देश के इन प्रतिष्ठित संस्थानों से कर सकते हैं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कोर्स

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT), खड़गपुर (www.iitkgp.ac.in) IIT, दिल्ली (www.iitd.ac.in) मणिपाल यूनिवर्सिटी (MU), कर्नाटक (www.manipal.edu) इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी (ICT), मुंबई (www.ictmumbai.edu.in) कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर, हिमाचल प्रदेश (www.hillagric.ac.in) जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली (www.jnu.ac.in) जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली (www.jmi.ac.in) इंडियन इंस्टीट्यू ऑफ एन्वायरनमेंटल मैनेजमेंट, मुंबई (www.siesiiem.edu.in) राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, इंदौर (www.rgpv.ac.in) डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय (AKTU), लखनऊ (www.aktu.ac.in) अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, अलीगढ़ (www.amu.ac.in) दिल्ली विश्वविद्यालय, दिल्ली (www.du.ac.in)

नौकरी

डिग्री हासिल करने के बाद नौकरी कहां मिलेगी?

पर्यावरण संरक्षण की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए नौकरी के अवसर सरकारी विभागों, इंडस्ट्री, टीचिंग और रिसर्च, कंसल्टेंसी और पत्रकारिता जैसे क्षेत्रों में मौजूद हैं। सरकारी क्षेत्र में उन्हें वन और पर्यावरण विभाग, पॉल्युशन कंट्रोल बोर्ड, अर्बन प्लानिंग, वॉटर रिसोर्सज और कृषि जैसे विभागों में नियुक्त किया जाता है। इसके अलावा फूड प्रोसेसिंग, फर्टिलाइजर, रिफाइनरी, माइनिंग, टेक्सटाइल और वेस्ट ट्रीटमेंट की कंपनियों में भी रोजगार के अवसर मौजूद हैं।

विश्व पर्यावरण दिवस

न्यूजबाइट्स प्लस

पूरी दुनिया में हर साल 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। ये दिन लोगों में पर्यावरण को लेकर जागरूकता पैदा करने के लिए मनाया जाता है। इस बार विश्व पर्यावरण दिवस की मेजबानी स्वीडन संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) के साथ साझेदारी में करेगा। इस पर्यावरण दिवस की थीम 'केवल एक पृथ्वी' होगी। इसका उद्देश्य हरित जीवन शैली में स्थानांतरित होने की संभावनाओं को उजागर करेगा।