
BRICS शिखर सम्मेलन में क्यों शामिल नहीं हो रहे हैं व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग?
क्या है खबर?
ब्राजील में आज से BRICS देशों का शिखर सम्मेलन शुरू हो रहा है। समूह के 2 अहम सदस्य रूस और चीन के नेता इसमें शामिल नहीं हो रहे हैं। चीन का राष्ट्रपति बनने के बाद से ये पहली बार हो रहा है, जब शी जिनपिंग ने सम्मेलन से दूरी बना ली है। उनके अलावा व्लादिमीर पुतिन भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होंगे। इससे कई अटकलें लग रही हैं। आइए इसकी वजह जानते हैं।
चीन
जिनपिंग ने क्यों बनाई दूरी?
सम्मेलन में जिनपिंग की जगह प्रधानमंत्री ली कियांग देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। जानकारों का कहना है कि ये पहले से निर्धारित योजना का हिस्सा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि समूह अमेरिकी सहयोगियों द्वारा घिरा हुआ न हो। सिंगापुर के राष्ट्रीय विश्वविद्यालय में एसोसिएट प्रोफेसर चोंग जा इयान ने CNN से कहा, "डोनाल्ड ट्रंप की विदेश नीति के कारण गठबंधनों में उथल-पुथल मची हुई है, इसलिए BRICS अब शी जिनपिंग की शीर्ष प्राथमिकता नहीं रह गया है।"
जिनपिंग
क्या चीन के घरेलू हालात हैं वजह?
कथित तौर पर चीन घरेलू मोर्चे पर गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। धीमी आर्थिक वृद्धि, बेरोजगारी और अमेरिका के साथ टैरिफ विवाद ने जिनपिंग की परेशानियां बढ़ाई हैं। इस साल उनकी पार्टी की अहम बैठक भी होना है। CNN से हांगकांग विश्वविद्यालय के ब्रायन वोंग ने कहा, "जिनपिंग वैश्विक दृष्टिकोण के बजाय घरेलू स्थिरता और आर्थिक सुधार को प्राथमिकता दे रहे हैं। BRICS में बहुत कुछ ऐसा है, जो जिनपिंग की विदेश नीति से मेल खाता है।"
रूस
पुतिन सम्मेलन में क्यों शामिल नहीं हो रहे हैं?
अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) ने पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर रखा है। बताया जा रहा है कि पुतिन इसी वजह से सम्मेलन में नहीं जा रहे हैं, क्योंकि ब्राजील ICC की संधि का सदस्य है। 2023 में पुतिन दक्षिण अफ्रीका में हुए BRICS सम्मेलन में शामिल नहीं हुए थे। कथित तौर पर तब अफ्रीका ने पुतिन को गिरफ्तारी को लेकर कोई गारंटी नहीं दी थी। 2024 में पुतिन की मंगोलिया यात्रा के दौरान भी ये विवाद उठा था।
अन्य सदस्य
सम्मेलन में कौन-कौन शामिल हो रहा है?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मेलन में भाग लेंगे। वे ब्राजील पहुंच चुके हैं और राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। दक्षिण अफीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा सम्मेलन में शामिल होंगे। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजेश्कियान भी शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह विदेश मंत्री अब्बास अराघची हिस्सा लेंगे। इंडोनेशिया सहित BRICS में शामिल कुछ नए देशों ने अपने शीर्ष प्रतिनिधियों को सम्मेलन में भेजा है। सऊदी अरब के प्रतिनिधि की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।