
अमेरिका के टेक्सास में बाढ़ से 52 की मौत, 27 लड़कियों समेत कई लोग लापता
क्या है खबर?
अमेरिका के टेक्सास में भारी बाढ़ की वजह से कम से कम 52 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग लापता हैं। मरने वालों में 15 बच्चे हैं। केवल केर कॉउंटी में 43 लोग मारे गए हैं। यहां ग्वाडालूप नदी में अचानक पानी बढ़ने से ये बाढ़ आई है। बताया जा रहा है कि नदी का जलस्तर 45 मिनट के भीतर 26 फीट तक बढ़ गया, जिससे लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला।
शिविर
मशहूर कैंप मिस्टिक से 27 लड़कियां लापता
ग्वाडालूप नदी के पास बना कैंप मिस्टिक भी बाढ़ की चपेट में आ गया। इससे कैंप में मौजूद कई लड़कियां बह गईं, जिनमें से 27 अभी लापता हैं। 36 घंटे बाद भी इनकी तलाश जारी है। वहीं, इस कैंप से 750 लड़कियों को बचाया गया है। कैंप में बिजली नहीं है और कई बच्चे अभी भी यहां फंसे हुए हैं। इस लोकप्रिय कैंप की स्थापना 1926 में की गई थी।
बचाव अभियान
लापता लोगों की तलाश में बचाव अभियान जारी
हेलीकॉप्टर, ड्रोन और नावों से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। होमलैंड सिक्योरिटी सचिव क्रिस्टी नोएम ने बताया कि US कोस्ट गार्ड ने 223 लोगों की जान बचाई है। उन्होंने कहा, "अभी हमारी पहली प्राथमिकता लोगों की है- यह सुनिश्चित करना कि हम उन्हें जितनी जल्दी हो सके ढूंढ लें और उन्हें उनके परिवारों को वापस कर दें। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान हम यह पता लगाएंगे कि सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को कितना नुकसान हुआ है।"
नुकसान
कहां हुई कितनी मौतें?
सबसे ज्यादा 44 मौतें केर काउंटी में हुई है। यहां ज्यादातर लोग हंट और इनग्राम के पास ग्वाडालूप नदी में बह गए हैं। ट्रैविस काउंटी में 5 लोगों की मौत हुई है। बर्नेट काउंटी में 4 लोग मारे गए हैं। यहां एक झील के पास जीप में पिता और बेटी का शव मिला। केंडल काउंटी में एक महिला की मौत हुई है। इसके अलावा पूरे राज्य में घरों और वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।
बयान
प्रधानमंत्री मोदी ने व्यक्त की संवेदना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, 'विनाशकारी बाढ़ में लोगों, खासकर बच्चों की जान जाने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। अमेरिकी सरकार और शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी संवेदना।' अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि प्रशासन राज्य और स्थानीय अधिकारियों के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा, 'मेलानिया और मैं इस भयानक त्रासदी से प्रभावित सभी परिवारों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। हमारे बहादुर प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता मौके पर हैं और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं।'
आलोचना
बाढ़ के बाद ट्रंप की हो रही आलोचना
राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप ने मौसम विभाग के बजट में कटौती की है और इससे जुड़े सैकड़ों लोगों को नौकरी से निकाल दिया है। लोगों का कहना है कि कर्मचारियों की कमी के चलते उन्हें समय पर आपातकालीन संदेश नहीं मिले, जिस वजह से लोग मारे गए। राष्ट्रीय महासागरीय और वायुमंडलीय एजेंसी (NOAA) के पूर्व निदेशक रिक स्पिनरैड ने कहा कि मौसम विभाग में हजारों नौकरियां गई हैं, जिससे कई मौसम कार्यालयों में कर्मचारियों की कमी हो गई है।