Page Loader
दुनिया की 5 सबसे असामान्य इमारतें, जानिए इनकी विशेषताएं 
दुनिया की सबसे असामान्य इमारतें

दुनिया की 5 सबसे असामान्य इमारतें, जानिए इनकी विशेषताएं 

लेखन अंजली
Aug 31, 2023
06:27 pm

क्या है खबर?

जब कला वास्तुकला से मिलती है तो अनोखी और आकर्षक संरचनाओं का ही निर्माण होता है। ये संरचनाएं मानव कल्पना की रचनात्मकता और डिजाइन संभावनाओं की असीमित क्षमता के प्रमाण के रूप में काम करती हैं। संरचनाओं के तौर पर आज हम दुनिया की अनोखी इमारतों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो वास्तुकला के बारे में हमारी सोच को बदलती हैं। आइए दुनिया की 5 सबसे अनोखी इमारतों के बारे में जानते हैं।

#1

बास्केट बिल्डिंग (अमेरिका)

अमेरिका के नेवार्क में स्थित एक 7 मंजिला इमारत है, जिसका आकार एक बड़ी टोकरी जैसा है। यह लॉन्गबर्गर कंपनी का मुख्यालय हुआ करती था, जो हाथ से बनी लकड़ी की टोकरियां बनाने के लिए जानी जाने वाली कंपनी है। यही कारण है कि इमारत एक विशाल टोकरी की तरह दिखती है। साल 2017 में स्टीव कून नाम के एक स्थानीय डेवलपर और हिस्टोरिक नेवार्क बास्केट समूह ने इसे लगभग 9 करोड़ में खरीदा था।

#2

द क्रुकेड हाउस (पौलेंड)

पोलैंड के सोपोट में स्थित इस इमारत को स्थानीय भाषा में क्रिजवी डॉमेक कहते हैं। साल 2004 में निर्मित द क्रुकेड हाउस एक शॉपिंग सेंटर का हिस्सा है और यह लगभग 4,000 वर्ग मीटर तक फैला है। इसकी छत एक ड्रैगन जैसी नीले-हरे रंग की टाइलों से सजी हुई है, जबकि इसकी घुमावदार दीवारें और खिड़कियां एक बिगड़ी हुई तस्वीर के समान दृश्य प्रभाव पैदा करती हैं।

#3

म्यूजियम ऑफ पॉप कल्चर (अमेरिका)

अमेरिकी राज्य वाशिंगटन के शहर सिएटल में स्थित म्यूजियम ऑफ पॉप कल्चर को मोपॉप के नाम से भी जाना जाता है, जिसे साल 2000 में बनाया गया था। इस म्यूजियम को देखकर ऐसा लगता है कि किसी ने इसे गिटार की तरह बनाकर तोड़ दिया हो। मोपॉप के अंदर 140,000 वर्ग फुट के विशाल क्षेत्र में फैले इंटरैक्टिव प्रदर्शनियों का एक समूह है और इसकी एंट्री फीस 28 डॉलर यानी 2,316 रुपये है।

#4

सुइट वोलार्ड (ब्राजील)

क्या आपने कभी ऐसी इमारत देखी है, जो अपने आप घूमती है? शायद नहीं। ब्राजील में मौजूद सुइट वोलार्ड दुनिया का पहला घूमने वाला होटल है, जो साल 2001 में बनकर तैयार हुआ था। इसमें 15 मंजिल हैं, जो एक घंटे में 360 डिग्री घूमती हैं। प्रत्येक मंजिल क्लॉक वाइस और एंटी-क्लॉक वाइस, दोनों दिशाओं में घूम सकती हैं। इसी खूबी के कारण यह दुनियाभर में मशहूर है।

#5

जायद नेशनल म्यूजियम (अबू धाबी)

जायद नेशनल म्यूजियम अबू धाबी के सादियात द्वीप पर स्थित है और इसमें इंसानों द्वारा बनाए गए एक टीले से निकलने वाले 5 पंख के आकार के टावर हैं। ये फाल्कन विंग संरचनाएं सोलर थर्मल टावर हैं, जो इमारत में ताजी हवा खींचने के लिए चिमनी के रूप में कार्य करती हैं। इस इमारत में कई तरह की यूनिक चीजें हैं, जिन्हें देखने के लिए आपको अबू धाबी घूमकर आने का प्लान बनाना चाहिए।