अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के अंतिम नतीजे कब तक घोषित किए जाएंगे?
क्या है खबर?
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनावों का मतदान खत्म होने के साथ ही मतगणना शुरू हो गई है। अब तक के नतीजों में रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप 24 और डेमोक्रेटिक पार्टी की कमला हैरिस को 13 राज्यों में जीत मिली है।
वहां के 50 राज्यों में मतदान से लेकर मतगणना तक के नियम अलग-अलग हैं। इसी वजह से अंतिम नतीजे आने में कई दिन लग जाते हैं।
आइए जानते हैं अंतिम नतीजे कब तक आ सकते हैं।
वजह
क्यों देरी से आते हैं अंतिम नतीजे?
अमेरिका में अलग-अलग जगहों पर मतदान करने का अंतिम समय अलग-अलग होता है। भारतीय समयानुसार मतदान का आखिरी समय 6 नवंबर की सुबह 11:30 बजे होगा।
इसके अलावा अमेरिका में मतगणना के लिए कोई राष्ट्रीय चुनाव आयोग नहीं है। राज्य और स्थानीय सरकारें वोटों की गिनती करती हैं।
इसके अलावा अलग-अलग राज्यों में मतदान से लेकर मतगणना तक के अलग-अलग नियम और तरीके हैं। इस वजह से परिणामों में देरी होती है।
स्विंग स्टेट्स
स्विंग स्टेट्स भी हैं जिम्मेदार?
अमेरिका में 7 स्विंग स्टेट्स हैं। ये किसी पार्टी का गढ़ नहीं हैं, लेकिन जीत में अहम भूमिका निभाते हैं। यही वजह है कि यहां हार-जीत का अंतर बेहद कम होता है और उम्मीदवार चुनावी नतीजों को चुनौती दे सकता है, जिसके चलते वोटों की दोबारा से गिनती करनी होती है।
जैसे नेवादा में पोस्टल बैलेट से डाले गए वोटों को 9 नवंबर तक स्वीकार किया जाएगा। इस वजह से यहां अभी तक कोई रुझान सामने नहीं आए हैं।
पिछले चुनाव
पिछले चुनावों में कब तक आए थे नतीजे?
2020 में राष्ट्रपति चुनाव के लिए 3 नवंबर को वोट डाले गए थे। तब स्विंग स्टेट पेंसिल्वेनिया के नतीजे काफी देरी से आए थे, जिसके चलते अंतिम परिणाम 4 दिन बाद यानी 7 नवंबर को घोषित किए गए थे।
शुरुआत में ट्रंप 11 प्रतिशत मतों से आगे चल रहे थे, लेकिन डाक मतपत्रों की गिनती के बाद जो बाइडन आगे निकल गए थे।
पेंसिल्वेनिया में ट्रंप और बाइडन के बीच केवल एक प्रतिशत मतों का अंतर था।
घोषणा
कब होती है जीत की घोषणा?
आमतौर पर चुनाव की रात या अगले दिन सुबह विजेता उम्मीदवार का नाम सामने आ जाता है।
2016 में ट्रंप को चुनाव के अगले दिन सुबह करीब 3 बजे विजेता घोषित कर दिया गया था।
2012 में जब बराक ओबामा दूसरी बार राष्ट्रपति बने थे, तब मतदान वाले दिन ही उनकी जीत का अनुमान लगाया जा चुका था।
हालांकि, हर चुनावों में ऐसा नहीं होता है। साल 2000 में 12 दिसंबर तक विजेता का नाम घोषित नहीं किया गया था।
नतीजे
अब तक के नतीजों में कौन आगे?
ताजा अनुमानों में ट्रंप 230 इलेक्टोरल वोट जीत चुके हैं, जबकि हैरिस ने 210 पर जीत दर्ज की हैं। शुरुआती रुझानों में हैरिस पिछड़ रही थीं, लेकिन उन्होंने जबरदस्त वापसी की है। अभी भी 5 स्विंग स्टेट्स के नतीजे आना बाकी हैं।
ट्रंप ने 2 स्विंग स्टेट्स जॉर्जिया और नॉर्थ कैरोलिना में जीत दर्ज कर ली है 4 में आगे चल रहे हैं। चुनाव जीतने के लिए 270 इलेक्टोरल वोट मिलना जरूरी हैं।