Page Loader
पेरू में बहता है नई-नवेली दुल्हन जैसा दिखने वाला झरना, देखने के लिए उमड़ती है भीड़
दुल्हन जैसा दिखता है पेरू का यह झरना

पेरू में बहता है नई-नवेली दुल्हन जैसा दिखने वाला झरना, देखने के लिए उमड़ती है भीड़

लेखन सयाली
Oct 20, 2024
12:59 pm

क्या है खबर?

हमारी धरती पर कई ऐसे प्राकृतिक अजूबे मौजूद हैं, जिनकी सुंदरता देखते ही बनती है। इन प्राकृतिक नजारों को देखकर मन मोहित हो जाता है और खुशी की अनुभूति होने लगती है। पृथ्वी का ऐसा ही एक खूबसूरत नगीना दक्षिण अमेरिका के पेरू में छिपा हुआ है। यहां पर एक बेहद सुंदर झरना बहता है, जो हू-ब-हू किसी नई-नवेली दुल्हन जैसा दिखता है। आइए इस अविश्वसनीय झरने के बारे में विस्तार से जानते हैं।

झरना

'दुल्हन का झरना' नाम से मशहूर

यह सुंदर झरना उत्तरी पेरू के कजामार्का में स्थित है, जिसे 'दुल्हन का झरना' भी कहा जाता है। इस झरने की खासियत यह है कि यह किसी ईसाई दुल्हन की तरह दिखता है। झरने को देखने पर ऐसा लगता है, मानो किसी खूबसूरत दुल्हन ने शादी का गाउन पहना हो और सिर पर घूंघट किया हो। इस झरने के वीडियो कई बार सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, लेकिन यह हर बार लोगों को अचंभित कर देता है।

खासियत

55 फुट लंबा है यह सुंदर झरना

इस झरने की कुल लंबाई 55 फुट है और यह दुल्हन के शरीर का भ्रम बनाता है। इस झरने का पानी बेहद साफ और सफेद है, जो कई सालों से एक ही तरह से बहता आ रहा है। चट्टानों के बीच बहते हुए पानी को देखकर प्रतीत होता है कि कोई नई-नवेली दुल्हन शादी का जोड़ा पहनकर खड़ी है और मुड़कर पीछे देख रही है। देखिए रोमानिया के रहस्यमय जीवित पत्थर, जो प्रजनन करके बढ़ाते हैं अपनी संख्या।

वीडियो

इस झरने का वीडियो कई दफा हुआ है वायरल

इस झरने के कई वीडियो ट्विटर समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अक्सर वायरल हुआ करते हैं। इन वीडियो को देखकर पर्यटक अपनी आखों पर विश्वास नहीं कर पाते और इसकी ओर आकर्षित होकर पेरू की यात्रा पर निकल पड़ते हैं। इससे जुड़ा वीडियो सबसे पहले साल 2017 में वायरल हुआ था। इसके बाद इसका वीडियो 2022 में फिर से शेयर किया जाने लगा था। आइए इस झरने का आकर्षक वीडियो देखते हैं।

ट्विटर पोस्ट

Twitter Post

अन्य झरने

दुनियाभर में कई स्थानों पर मौजूद हैं ऐसे झरने

यह अपनी तरह का इकलौता अविश्वसनीय झरना नहीं है। दुल्हन की तरह दिखने वाले कई अन्य झरने भी दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद हैं। इससे साबित होता है कि यह मृगतृष्णा एक बेहद आम घटना है, जिसके कारण कई स्थानों पर ऐसा प्रतीक हो सकता है। ऐसे झरने कैलिफोर्निया, कोलंबिया, न्यूयॉर्क, कोलोराडो और दक्षिण अफ्रीका में भी बहते हैं। इन सभी को दुल्हन या दुल्हन के घूंघट वाले झरनों के नाम से जाना जाता है।