फोर्ब्स की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की सूची में शामिल हुई वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

भारत की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार तीसरी बार फोर्ब्स की दुनिया की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की सूची में जगह बनाने में सफलता हासिल की है। इस सूची में सीतारमण को 37वां स्थान मिला है। इस सूची में भारत की तीन अन्य महिलाओं को भी जगह दी गई, लेकिन वह रैंकिंग में सीतारमण से पीछे हैं। ऐसे में सीतारमण भारत की सबसे ताकतवर महिला के रूप में उभरकर सामने आई है।
बता दें कि अमेरिकी बिजनेस मैगजीन फोर्ब्स की ओर से हर साल दुनिया की 100 ताकतवर महिलाओं की सूची जारी की जाती है। इस साल यह 18वीं सालाना सूची जारी की गई है। इसमें दुनिया की 40 महिला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) को शामिल किया गया है। यह साल 2015 के बाद से सबसे अधिक संख्या है। इसी तरह इस सूची में 19 वैश्विक महिला नेता, एक प्रतिरक्षाविज्ञानी को भी शामिल किया गया है।
वित्त मंत्री सीतारमण ने भले ही लगातार तीसरी बार इस सूची में जगह बनाई है, लेकिन इस साल उनकी रैंकिंग में चार स्थानों का सुधार हुआ है। फोर्ब्स ने उन्हें 2019 में 34वें पायदान पर रखा था, लेकिन 2020 में वह इस सूची में पिछड़कर 41वें स्थान पर पहुंच गई थी। इसके बाद 2021 में उन्हें चार स्थानों के सुधार के साथ 37वां स्थान दिया गया है। इससे स्पष्ट होता है कि उनके काम ने उनकी ताकत को बढ़ाया है।
दुनिया की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की सूची में परोपकारी मैकेंजी स्कॉट को पहला स्थान दिया है। स्कॉट दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति और अमेजन ग्रुप के मालिक जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी हैं। इसी तरह भारतीय मूल की अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को दूसरा, यूरोपीय सेंट्रल बैंक की अध्यक्ष क्रिस्टीन लेगार्ड को तीसरा, जनरल मोटर्स की CEO मैरी बर्रा को चौथा और परोपकारी मेलिंडा फ्रेंच गेट्स को पांचवां स्थान दिया गया है।
इसी तरह फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स की CEO अबीगैल जॉनसन को छठा, सैंटेंडर की कार्यकारी अध्यक्ष एना पेट्रीसिया सातवां, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन लेयेन को आठवां, ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग-वेन को नौवा और एक्सेंचर CEO जूली स्वीट को 10वां स्थान दिया गया है।
वित्त मंत्री सीतारमण के अलावा भारत की तीन अन्य महिलाओं को भी इस सूची में जगह मिली है। इसमें HCL टेक्नोलॉजीज की चेयरपर्सन रोशनी नाडर को 52वां स्थान मिला है। इसी तरह सूची में बाइकॉन की फाउंडर और एग्जीक्यूटिव चेयरपर्सन किरण मजूमदार शॉ को भी जगह दी गई है। उन्हें 72वें स्थान पर रखा गया है। इसके अलावा नायका की फाउंडर और CEO फाल्गुनी नायर को इस सूची में 88वां स्थान दिया गया है।