अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव: बहुमत से 23 सीट दूर ट्रंप, कमला हैरिस ने चुनावी संबोधन रद्द किया
क्या है खबर?
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे लगभग सामने आ चुके हैं। इनमें रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप डेमोक्रेटिक पार्टी की कमला हैरिस पर बड़ी बढ़त बनाए हुए हैं।
अब तक 41 राज्यों के नतीजे आ चुके हैं। इनमें से 26 पर ट्रंप और 15 पर हैरिस को जीत मिली है।
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, कमला के पास फिलहाल 214 और ट्रंप के पास 247 इलेक्टोरल वोट हैं।
जीत के लिए 270 इलेक्टोरल वोट जरूरी हैं।
राज्य
किन राज्यों में जीते ट्रंप?
इंडियाना, वेस्ट वर्जीनिया, ओकलाहोमा, साउथ कैरोलिना, मिसूरी, टेनैसी, अलाबामा, फ्लोरिडा, अर्कांसस, लूजियाना, मिसिसिप्पी, नब्रास्का, नॉर्थ डकोटा, साउथ डकोटा, व्योमिंग, ओहायो और कैंटकी में ट्रंप जीत चुके हैं।
हैरिस को वरमोंट, इलिनोइस, डेलावेयर, मैसाचुसेट्स, न्यू जर्सी, न्यूयॉर्क, रोड आइलैंड, कनेक्टिकट और मैरीलैंड में जीत हासिल हुई है।
स्विंग स्टेट्स में शामिल जॉर्जिया और नॉर्थ कैरोलिना में ट्रंप ने जीत दर्ज की है।
अनुमान है कि ट्रंप 306, जबकि हैरिस 232 इलेक्टोरल वोट्स जीत सकती हैं।
ट्विटर पोस्ट
मतदान के दौरान कैपिटल हिल के बाहर सख्त सुरक्षा
#WATCH | #USElections2024 | USA: Visuals from US Capitol building in Washington DC; barricading done outside the building pic.twitter.com/cnx4Yu3VWL
— ANI (@ANI) November 5, 2024
स्विंग स्टेट्स
स्विंग स्टेट्स निर्धारित करेंगे जीत का रास्ता
अमेरिका में ज्यादातर राज्य किसी भी एक पार्टी का समर्थन करते हैं, लेकिन कुछ राज्य ऐसे हैं, जिनके नतीजे बदलते रहते हैं। इन्हें स्विंग स्टेट्स कहा जाता है। इनमें विन्सकॉन्सिन, पेन्सिल्वेनिया, मिशिगन, नेवादा, एरिजोना, जॉर्जिया और नॉर्थ कैरोलिना शामिल है।
इन राज्यों में 93 इलेक्टोरल वोट्स हैं, जो किसी भी उम्मीदवार को व्हाइट हाउस तक पहुंचा सकते हैं।
ट्रंप ने इनमें से 2 राज्यों में जीत दर्ज कर ली है और 5 में आगे चल रहे हैं।
एग्जिट पोल
73 प्रतिशत मतदाताओं ने कहा- लोकतंत्र खतरे में है
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़े शुरुआती एग्जिट पोल के मुताबिक, लोकतंत्र और अर्थव्यवस्था का मुद्दा मतदाताओं के लिए सबसे अहम है।
73 प्रतिशत मतदाताओं ने चिंता व्यक्त की कि अमेरिका में लोकतंत्र खतरे में है।
रिपब्लिकन मतदाताओं के लिए अर्थव्यवस्था के साथ अप्रवासन सबसे बड़ी चिंता का विषय है। वहीं, डेमोक्रेट मतदाताओं के लिए गर्भपात का अधिकार और लोकतंत्र अधिक अहम मुद्दे हैं।
10 में से 7 मतदाताओं ने चुनावी नतीजों के बाद हिंसा की आशंका जताई है।
संसदीय चुनाव
संसद के दोनों सदनों के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को बढ़त
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनावों के साथ ही संसद के दोनों सदनों (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव और सीनेट) के लिए भी मतदान हुआ है। यहां भी रिपब्लिकन पार्टी को बढ़त मिली है।
हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव की 61 सीटों पर रिपब्लिकन पार्टी और 36 सीटों पर डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत हुई है।
सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी को 43 और डेमोक्रेटिक पार्टी को 34 सीटों पर जीत हासिल हुई है।
हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव में बहुमत का आंकड़ा 218 और सीनेट में 51 है।
नतीजे
कब तक आएंगे सभी राज्यों के नतीजे?
लगभग सभी राज्यों में मतगणना शुरू हो चुकी है। आमतौर पर मतदान के अगले दिन नतीजे आ जाते हैं, इसलिए भारतीय समयानुसार बुधवार देर रात या गुरुवार सुबह तक अंतिम नतीजे आने की उम्मीद है।
कई मामलों में आधिकारिक नतीजे जारी होने में हफ्तों का समय लग सकता है, क्योंकि अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग नियम और मतगणना का तरीका भी अलग-अलग है।
अगर मतगणना में ज्यादा समय लगता है तो नतीजे आने में भी 1-2 दिन लग सकते हैं।
मतगणना
मतगणना के वक्त ट्रंप और हैरिस क्या कर रहे हैं?
ट्रंप मतदान करने के बाद फ्लोरिडा के पाम बीच पर बने अपने आलीशान क्लब में मतगणना पर नजर रख रहे हैं। यहां उनके साथ सलाहकार, परिवार और पार्टी के दानदाता भी हैं।
वहीं, हैरिस हॉवर्ड विश्वविद्यालय में इलेक्शन नाइट वॉच पार्टी में शामिल हो रही हैं। यहीं से वे चुनावी नतीजों पर नजर रखेंगी।
हैरिस के कई बड़े दानदाता कॉनराड होटल में एक समारोह में शामिल हो रहे हैं।
वहीं, राष्ट्रपति जो बाइडन व्हाइट हाउस से नजर बनाए हुए हैं।