
म्यांमार भूकंप: भारत, WHO और अमेरिका सहित विभिन्न देशों ने कैसे बढ़ाया मदद का हाथ?
क्या है खबर?
म्यांमार में गत शुक्रवार (28 मार्च) को आए 7.7 तीव्रता वाले विनाशकारी भूकंप ने जमकर तबाही मचाई है।
इस प्राकृतिक घटना में अब तक 2,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और 3,000 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं।
दुनियाभर के देश म्यांमार की मदद के लिए आगे आए हैं। भारत ने व्यापक बचाव और राहत कार्यों में देश की सहायता के लिए 'ऑपरेशन ब्रह्मा' शुरू किया है।
आइए जानते हैं अन्य देश क्या मदद कर रहे हैं।
#1
भारत 'ऑपरेशन ब्रह्मा' के तहत कर रहा मदद
म्यांमार की मदद के लिए भारत ने 'ऑपरेशन ब्रह्मा' शुरू किया है। इसके तहत घायलों के उपचार के लिए 118 चिकित्साकर्मियों के साथ सेना का फील्ड अस्पताल शुरू करने को शनिवार को 2 नौसैनिक जहाजों को तैनात किया है।
अंडमान और निकोबार कमांड के तहत श्रीविजयपुरम में तैनात 2 अतिरिक्त नौसैनिक जहाजों को आने वाले दिनों में सहायता के लिए लगाया जाएगा।
इसी तरह कई तरह की राहत सामग्री के साथ विमानों को रवाना किया गया है।
बयान
विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि 'ऑपरेशन ब्रह्मा' के तहत कई विमानों को तैनात किया है। पहला विमान 29 मार्च को हिंडन एयरफोर्स बेस से 15 टन राहत सामग्री लेकर यांगून पहुंचा है।
राहत सामग्री में टेंट, स्लीपिंग बैग, कंबल, तैयार भोजन, वाटर प्यूरीफायर, सैनिटेशन किट, सोलर लैंप, जनरेटर सेट, आवश्यक दवाइयां शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने म्यांमार के सैन्य प्रमुख मिन आंग ह्लाइंग को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
#2
WHO ने कैसे की है मदद?
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने दुबई में अपने लॉजिस्टिक्स हब को घायलों के उपचार के लिए आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति तैयार करने के लिए सक्रिय कर दिया है और आपातकालीन प्रबंधन प्रतिक्रिया भी शुरू कर दी है।
रविवार को WHO ने कहा कि भूकंप एक शीर्ष-स्तरीय संकट था। ऐसे में वह अगले 30 दिनों में जान बचाने और बीमारी के प्रकोप को रोकने के लिए तत्काल 80 लाख डॉलर (68.80 करोड़ रुपये) की सहायता देने का प्रयास करेगा।
#3
चीन कैसे कर रहा है मदद?
चीन की सरकार ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाते हुए गत शनिवार को म्यांमार में 82 लोगों की बचाव टीम तैनात की है। इसके बाद, रविवार को 118 लोगों की खोज और बचाव टीम और रवाना की की।
इसी तरह चीन ने म्यांमार को आपातकालीन मानवीय सहायता के रूप में 1.3 करोड़ डॉलर (112.48 करोड़ रुपये) भी उपलब्ध करने का ऐलान किया है।
इसकी खेप सोमवार से शुरू होगी, यह जानकारी उसकी अंतरराष्ट्रीय सहायता एजेंसी ने दी है।
#4 #5
अमेरिका और हांगकांग ने भी की मदद
हांगकांग से मदद के लिए 51 लोगों की एक टीम म्यांमार भेजी है। इसके अलावा 2 खोजी और बचाव कुत्तों के साथ लाइफ डिटेक्टर सहित अन्य उपकरण भी भेजे हैं। उन्होंने आपातकालीन राहत सहायता के रूप में 38 लाख डॉलर (32.68 करोड़ रुपये) देने की घोषणा की है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने म्यांमार की मदद करने का संकल्प लिया और कहा कि भूकंप बहुत भयानक है और वह मदद करेंगे। उन्होंने पहले ही देश से बात कर ली है।
#6 #7 #8
यूरोपीय संघ, ब्रिटेन और आरयलैंड ने भी मदद की घोषणा
यूरोपीय संघ ने प्रारंभिक आपातकालीन सहायता के रूप में 27 लाख डॉलर (23.22 करोड़ रुपये) देने का ऐलान किया है।
ब्रिटेन ने मानवीय सहायता के लिए 1.29 करोड़ डॉलर (110.94 करोड़ रुपये) देने का वादा किया है। विकास मंत्री जेनिफर चैपमैन ने कहा कि ब्रिटेन द्वारा वित्तपोषित स्थानीय साझेदार पहले ही मदद में जुटे हैं।
आयरलैंड ने रेड क्रॉस सोसायटी के जरिए प्रारंभिक सहायता के रूप में 64.91 लाख डॉलर (55.82 करोड़ रुपये) की सहायता देने का ऐलान किया है।
#9 #10 #11
मलेशिया, इंडोनेशिया और फिलिपींस ने कैसे की मदद?
मलेशिया ने म्यांमार में चल रहे मानवीय और आपदा राहत कार्यों में सहायता के लिए एक कमांडर और 49 बचाव कर्मियों वाली एक टीम भेजने की घोषणा की है।
इंडोनेशिया ने खोज और बचाव दल, चिकित्सा दल और रसद सहायता भेजेने की घोषणा की है। इनमें एक अस्पताल जहाज, 3 हरक्यूलिस विमान और चार हेलीकॉप्टर शामिल है।
फिलीपींस ने 114 लोगों की टीम भेजने का ऐलान किया है। इसमें चिकित्सक, अग्निशमन कर्मी और सशस्त्र बल शामिल हैं।
#12 #13 #14
वियतनाम, दक्षिण कोरिया और न्यूजीलैंड ने भी किया ऐलान
वियतनाम ने खोज और बचाव प्रयासों में मदद के लिए 80 बचावकर्मी भेजने की घोषणा की है।
दक्षिण कोरिया ने कहा कि वह भूकंप के बाद तत्काल बचाव और राहत प्रयासों के लिए 20 लाख डॉलर (17.20 करोड़ रुपये) की मानवीय सहायता भेजेगा।
न्यूजीलैंड ने कहा कि वह आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए अंतर्राष्ट्रीय रेड क्रॉस को 11 लाख डॉलर (9.46 करोड़ रुपये) देगा। इसके अलावा उसने बचाव और राहत कार्य में मदद के लिए टीम भेजने को भी कहा है।
#15 #16
रेड क्रॉस और UN कैसे कर रहा मदद?
स्थानीय म्यांमार रेड क्रॉस सोसाइटी ने मदद प्रदान करने, खोज और बचाव कार्य शुरू करने के लिए टीमों को तैनात किया है। इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रेड क्रॉस और रेड क्रिसेंट सोसाइटीज ने 1 लाख लोगों को जीवन रक्षक राहत प्रदान करने के लिए 10 करोड़ डॉलर (860 करोड़ रुपये) से अधिक की आपातकालीन अपील शुरू की है।
संयुक्त राष्ट्र (UN) की मानवीय एजेंसी ओचा अपने साझेदार संगठनों के साथ मिलकर आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रयासों को गति दे रही है।