LOADING...
इजरायल-हमास युद्ध विराम और बंधकों की रिहाई पर भारत की आई प्रतिक्रिया, जानिए क्या कहा
इजरायल और हमास युद्ध विराम पर विदेश मंत्रालय ने बयान दिया

इजरायल-हमास युद्ध विराम और बंधकों की रिहाई पर भारत की आई प्रतिक्रिया, जानिए क्या कहा

लेखन गजेंद्र
Jan 16, 2025
01:14 pm

क्या है खबर?

इजरायल और हमास के बीच पिछले 15 महीने से चल रहा युद्ध अब शांति की ओर है। भारत ने इस फैसले का स्वागत किया है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "हम बंधकों की रिहाई और गाजा में युद्ध विराम के लिए समझौते की घोषणा का स्वागत करते हैं। हमें उम्मीद है इससे गाजा के लोगों को मानवीय सहायता की सुरक्षित-निरंतर आपूर्ति होगी। हमने लगातार रिहाई, युद्ध विराम, बातचीत और कूटनीति के रास्ते पर लौटने का आह्वान किया है।"

समझौता

19 जनवरी को लागू होगा समझौता

कतर की राजधानी दोहा में पिछले कई दिनों की लंबी बातचीत के बाद इजरायल और हमास युद्ध विराम पर सहमत हुआ है। इस जटिल चरणबद्ध समझौते में छह सप्ताह के शुरुआती युद्ध विराम की रूपरेखा है, जिसमें गाजा पट्टी से इजरायली सेना की वापसी शामिल है। इसके अलावा गाजा पर नियंत्रण रखने वाले सशस्त्र समूह हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों को इजरायल द्वारा पकड़े गए फिलिस्तीनी कैदियों के बदले में रिहा किया जाएगा। समझौता 19 जनवरी को लागू होगा।

युद्ध

अक्टूबर 2023 से चल रहा था युद्ध

7 अक्टूबर, 2023 को हमास ने अचानक इजरायल पर हजारों रॉकेट दाग दिए थे। फिर हमास के आतंकियों ने जमीनी हमला भी किया। हवाई-जमीनी हमले ने इजरायल को चौंका दिया, जिसे अब तक का घातक हमला माना जाता है। हमले में 1,200 से अधिक इजराइलियों की जान गई और सैकड़ों घायल हुए। 250 से अधिक लोग बंधक बनाए गए। इसके बदले में इजरायल ने गाजा और राफा पर हमले किए, जिसमें 46,000 से अधिक लोगों की जान गई।