Page Loader
जापान भूकंप से निपटने के लिए 133 अरब डॉलर खर्च करेगा, बुनियादी ढांचे पर होगा काम
जापान में भूकंप से निपटने की तैयारी शुरू

जापान भूकंप से निपटने के लिए 133 अरब डॉलर खर्च करेगा, बुनियादी ढांचे पर होगा काम

लेखन गजेंद्र
Mar 31, 2025
02:50 pm

क्या है खबर?

म्यांमार और थाईलैंड में पिछले दिनों आए विनाशकारी भूकंप ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इसे देखते हुए आए दिन भूकंप झेलने वाला जापान बड़ी तैयारी कर रहा है। जापान की सरकार भूकंप के खतरों से निपटने के लिए 133 अरब डॉलर खर्च करेगी, जो प्रमुख बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और बड़े भूकंपरोधी क्षमता विकसित करने के काम आएगी। अगले वित्तीय वर्ष से शुरू होने वाली पांच-वर्षीय राष्ट्रीय योजना के लिए धनराशि आवंटित की जाएगी।

योजना

कहां-कहां खर्च होगी धनराशि?

जापानी मीडिया के मुताबिक, नई योजना में 324 परियोजनाएं शामिल होंगी, जिसमें जल, सीवेज प्रणालियों को भूकंपरोधी बनाने पर काम किया जाएगा। करीब 92,000 जगहों पर सड़कों-पुलों की मरम्मत की जाएगी। साथ ही आपदा निवारण में डिजिटल और प्रौद्योगिकी का उपयोग बढ़ाने, सार्वजनिक-निजी क्षेत्र के बीच सहयोग बढ़ाने और स्थानीय समुदायों को तैयार किया जाएगा। योजना को सरकार जून तक अंतिम रूप देगी। 133 अरब डॉलर की यह धनराशि 2021 में लागू मौजूदा योजना की धनराशि से काफी अधिक है।

भूकंप

जापान में अगले 30 सालों में कई बड़े भूकंप आने का खतरा

जापान के भूकंप अनुसंधान अधिकारियों द्वारा जनवरी में किए गए मूल्यांकन के अनुसार, जापान के विभिन्न भागों में अगले 30 वर्षों में बड़े भूकंप आने का खतरा है। संभावना है कि 30 वर्ष के बाद जापान के दक्षिण-पूर्वी तट पर नानकाई गर्त में 8-9 तीव्रता का भूकंप आने की 80 प्रतिशत संभावना है। इसके अलावा होक्काइडो के नेमुरो तट पर 7.8 और 8.5 तीव्रता और मियागी प्रांत में 7.7 तीव्रता का भूकंप आने की 76 से 90 प्रतिशत संभावना है।

तबाही

1 जनवरी 2024 को आया था विनाशकारी भूकंप

पिछले साल 1 जनवरी, 2024 को नए साल की सुबह जापान के इशिकावा प्रांत में 7.5 तीव्रता का भयंकर भूकंप आया था। आपदा में 500 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और 100 से अधिक लोग लापता हो गए थे। भूकंप के बाद लगभग 1.50 लाख से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए थे, 23,800 घरों की बिजली गुल हो गई और 66,400 से अधिक घरों में पानी आपूर्ति बाधित थी। भूकंप से कई इमारतें जमींदोज हो गई थी।