LOADING...
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी की हत्या से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक, हुए ये खुलासे 
ट्रंप प्रशासन ने JFK की हत्या से जुड़े हजारों दस्तावेज सार्वजनिक किए हैं

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी की हत्या से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक, हुए ये खुलासे 

लेखन आबिद खान
Mar 19, 2025
10:30 am

क्या है खबर?

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी (JFK) की हत्या से जुड़े राज दशकों बाद दुनिया के सामने आ सकते हैं। अमेरिका ने JFK की हत्या से जुड़े 80,000 पन्नों के खुफिया दस्तावेजों को सार्वजनिक कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने चुनावी अभियान के दौरान दस्तावेज सार्वजनिक करने का वादा किया था। व्हाइट हाउस के उप प्रेस सचिव हैरिसन फील्ड्स ने कहा कि अमेरिकी लोग उन दस्तावेजों में जो देखेंगे उससे चौंक जाएंगे।

हत्या

सबसे पहले JFK की हत्या के बारे में जानिए

JFK की 22 नवंबर, 1963 को डलास में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ली हार्वी ओसवाल्ड को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन गिरफ्तारी के 2 दिन बाद ही एक अन्य व्यक्ति जैक रूबी ने उसकी हत्या कर दी थी। ओसवाल्ड की हत्या के बाद से ही इस मामले में कई सवाल उठना शुरू हुए। मामले की जांच के लिए JFK के बाद राष्ट्रपति बने लिंडन बी जॉनसन ने वॉरेन आयोग का गठन किया था।

ओसवाल्ड

दस्तावेजों में ओसवाल्ड के बारे में क्या-क्या बातें हैं?

20 नवंबर, 1991 की तारीख वाले एक दस्तावेज में ओसवाल्ड, सोवियत संघ में उसके समय और सोवियत पत्नी के साथ रिश्ते की जानकारी दी हुई है। दस्तावेज में कहा गया है कि निकोनोव नामक एक KGB अधिकारी ने यह निर्धारित करने के लिए कि ओसवाल्ड KGB एजेंट था या नहीं, KGB दस्तावेजों की समीक्षा की थी। निकोनोव ने बताया था कि ओसवाल्ड KGB द्वारा नियंत्रित एजेंट नहीं था। बता दें कि KGB सोवियत संघ की खुफिया एजेंसी थी।

Advertisement

CIA

क्या हत्या में CIA का हाथ था? 

JFK की हत्या में अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA का हाथ होने के आरोप भी लगते रहे हैं। नए दस्तावेजों में CIA एजेंट गैरी अंडरहिल के हवाले से कहा गया है, "हत्या के लिए CIA के भीतर एक छोटा गुट जिम्मेदार था।" इसके बाद अंडरहिल को अपनी हत्या का डर सताने लगा और उन्होंने वॉशिंगटन छोड़ दिया। 6 महीने बाद अंडरहिल की एक अपार्टमेंट में सिर में गोली लगी लाश मिली। इसे आत्महत्या बताया गया।

Advertisement

CIAपर सवाल

दस्तावेजों में CIA पर उठाए गए ये सवाल

दस्तावेजों के मुताबिक, अंडरहिल ने CIA को एक भ्रष्ट तत्व के रूप में वर्णित किया है, जो माफिया की तरह क्रूर और कुशल है। JFK की हत्या के बाद जिम गैरिसन, जेम्स डगलस और मार्क लेन जैसे आलोचकों ने तर्क दिया है कि CIA ने संभवतः शीत युद्ध के तनाव को बनाए रखने या सोवियत संघ और क्यूबा के साथ संबंधों को बेहतर बनाने की दिशा में उनके कदमों को विफल करने के लिए कैनेडी की हत्या की साजिश रची।

विवाद

ट्रंप ने किया था दस्तावेज सार्वजनिक करने का वादा

ट्रंप ने चुनावी अभियान के दौरान वादा किया था कि वे पारदर्शिता बढ़ाने के लिए खुफिया दस्तावेजों को सार्वजनिक करेंगे। 23 जनवरी को उन्होंने JFK, उनके भाई रॉबर्ट एफ कैनेडी (RFK) और सामाजिक कार्यकर्ता मार्टिन लूथर किंग जूनियर की हत्या से संबंधित दस्तावेजों को सार्वजनिक करने का आदेश दिया था। पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल के दौरान भी JFK की हत्या से जुड़े 13,000 दस्तावेज संपादित कर सार्वजनिक किए गए थे।

Advertisement