Page Loader
IPL 2023: LSG बनाम MI मुकाबले की पिच रिपोर्ट, जानिए एमए चिदंबरम स्टेडियम के आंकड़े 
एमए चिदंबरम पर अब तक IPL के 74 मैच खेले जा चुके हैं (तस्वीर: ट्विटर/@mipaltan)

IPL 2023: LSG बनाम MI मुकाबले की पिच रिपोर्ट, जानिए एमए चिदंबरम स्टेडियम के आंकड़े 

May 24, 2023
07:38 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के एलिमिनेटर मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सामना मुंबई इंडियंस (MI) से होगा। यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम पर बुधवार (24 मई) को खेला जाएगा। IPL 2023 में CSK के घरेलू मैदान इस बार क्वालीफायर-1 और एलिमिनेटर समेत 9 मैचों की मेजबानी मिली है। आइए इस स्टेडियम की पिच रिपोर्ट दोनों टीमों के हेड टू हेड आंकड़ों और अन्य रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

कैसा है पिच का मिजाज? 

चेपक की पिच बल्लेबाजी के अनुकूल रहती है। एक बार मैदान पर टिकने के बाद बल्लेबाज फायदे में रहते हैं। हालांकि, जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है, सतह की कठोरता टूटने लगती है। पिच में घास न के बराबर है, जो इसे स्पिनरों के लिए फायदेमंद बनाता है। इस मैदान पर तेज गेंदबाजों को शुरुआत में बहुत ही सीमित मदद मिलती है। ओवरऑल इस मैच में स्पिनर्स का बोलबाला रहने की उम्मीद है।

जानकारी

कैसा रहेगा मौसम का हाल? 

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार,चेन्नई में बुधवार को परिस्थितियां क्रिकेट के खेल के लिए आदर्श होंगी। यहां दिन का तापमान 36 और रात का 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। मैच के दौरान मौसम एकदम साफ रहेगा।

रिपोर्ट

1916 में हुआ था स्टेडियम का निर्माण 

चेपक की गिनती भारत के सबसे पुराने स्टेडियमों में होती है। इस स्टेडियम का निर्माण साल 1916 में हुआ था। यहां की दर्शक क्षमता की बात करें तो यह लगभग 38,000 की है। यहां पहला अंतरराष्ट्रीय मैच (टेस्ट) 1934 में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया था। इस मैदान पर पहला वनडे मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 1987 में खेला गया था। यहां पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2012 में खेला गया था।

रिपोर्ट

एमए चिदंबरम स्टेडियम के IPL से जुड़े आंकड़े 

इस मैदान पर अब तक IPL के 74 मैच खेले गए हैं। यहां पहले बल्लेबाजी करते हुए टीमों ने 44 मैच जीते हैं। बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 30 मैच जीते हैं। यहां उच्चतम स्कोर CSK (246/5, 2010) और न्यूनतम स्कोर RCB (70, 2019) के नाम दर्ज है। मुरली विजय (127 बनाम RR, 2010) के नाम यहां सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है। आंद्रे रसेल (5/15, बनाम MI, 2021) ने यहां सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की थी।

रिपोर्ट

इस मैदान पर रोहित और सूर्यकुमार का प्रदर्शन 

इस स्टेडियम पर MI के कप्तान रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को खेलने का अच्छा अनुभव है। रोहित ने यहां 14 मैचों में 27.15 की औसत और 124.29 की स्ट्राइक रेट से 353 रन बनाए हैं। 67 के उच्चतम स्कोर के साथ उन्होंने इस मैदान पर 2 अर्धशतक जमाए हैं। सूर्यकुमार ने यहां 9 मैचों में 38.14 के औसत और 127.75 के स्ट्राइक रेट से 267 रन बनाए हैं। 71* के उच्च स्कोर के साथ उनके नाम 2 अर्धशतक हैं।