Page Loader
MI बनाम RCB: नेहल वढेरा ने लगाया लगातार दूसरा अर्धशतक, जानिए आंकड़े 
सूर्यकुमार और वढेरा ने की शतकीय साझेदारी (तस्वीर: ट्विटर/@mipaltan)

MI बनाम RCB: नेहल वढेरा ने लगाया लगातार दूसरा अर्धशतक, जानिए आंकड़े 

May 09, 2023
11:45 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 54वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को 6 विकेट से हरा दिया है। वानखेड़े स्टेडियम में जीत के लिए मिले 200 रन के लक्ष्य को MI ने नेहल वढेरा (52*) और सूर्यकुमार यादव (83) की पारियों की मदद से हासिल किया। यह वढेरा का मौजूदा सीजन में लगातार दूसरा अर्धशतक है। उनकी आज की पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही वढेरा की पारी 

विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए जब MI को 55 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा था, तब वढेरा बल्लेबाजी के लिए आए। शुरुआत में उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की और दूसरे छोर से तेजी से रन बटोर रहे सूर्यकुमार यादव का अच्छा साथ निभाया। इस जोड़ी ने 140 रन की साझेदारी की। युवा बल्लेबाज वढेरा ने 34 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 3 छक्के भी लगाए।

IPL 2023 

वढेरा ने लगाया लगातार दूसरा अर्धशतक 

IPL 2023 में वढेरा के बल्ले से निकलने वाला यह लगातार दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने अपने पिछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 64 रन की पारी खेली थी। उन्होंने इसी सीजन में RCB के खिलाफ ही अपना IPL डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 9 मैच खेले हैं, जिसमें 36.60 की उम्दा औसत और 147.58 की प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से 183 रन बना लिए हैं।

MI 

MI ने दर्ज की अपनी छठी जीत 

MI ने RCB को हराकर अपनी छठी जीत दर्ज की है। उनके अब 12 अंक (-0.255) हो गए हैं और अंक तालिका में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। दूसरी तरफ आज अपनी छठी शिकस्त झेलने वाली RCB अब खिसककर सातवें स्थान पर पहुंच गई है। अब 11 में से 5 जीत के साथ उनके 10 अंक (-0.345) हैं। अब तक 8 जीत दर्ज कर चुकी गुजरात टाइटंस (GT) की टीम ने शीर्ष पर अपना कब्जा बरकरार रखा है।