Page Loader
IPL 2023: ऐसा रहा मुंबई इंडियंस का प्लेऑफ तक का सफर, इन खिलाड़ियों ने छोड़ी छाप
रोहित शर्मा की कप्तानी में MI टीम लीग दौर में चौथे स्थान पर रही (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: ऐसा रहा मुंबई इंडियंस का प्लेऑफ तक का सफर, इन खिलाड़ियों ने छोड़ी छाप

May 22, 2023
12:09 pm

क्या है खबर?

मुंबई इंडियंस (MI) की टीम लगभग हर सीजन में देर से लय हासिल करने के लिए जानी जाती है। इस बार भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। अंतिम लीग मैच के परिणाम के बाद टीम का इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 प्लेऑफ में पहुंचना तय हो गया। 5 बार की चैंपियन टीम लीग दौर समाप्त होने के बाद अंक तालिका में चौथे स्थान पर रही। आइए MI प्लेऑफ तक के सफर पर नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

लीग दौर में MI का प्रदर्शन 

लीग के इतिहास में MI टीम ने प्लेऑफ में कुल 10वीं बार जगह बनाई है। वर्तमान सीजन में टीम ने अब तक कुल 14 लीग मैच खेले हैं। इनमें से टीम ने 8 में जीत दर्ज की और 6 में उसे हार का सामना करना पड़ा। MI टीम -0.044 के नेट रन रेट (NRR) और 16 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही। अपने अंतिम लीग मैच में MI ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 8 विकेट से हराया था।

रिपोर्ट

इन बल्लेबाजों का प्रदर्शन रहा दमदार 

पहले हाफ में कदम लड़खड़ाने के बाद सूर्यकुमार यादव ने शानदार वापसी की। सूर्यकुमार लीग चरण की समाप्ति के बाद MI के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने 185.14 की शानदार स्ट्राइक रेट से 511 रन बनाए। ईशान किशन ने 143.46 के स्ट्राइक से 439 रनों के साथ लीग दौर का समापन किया। कैमरून ग्रीन ने MI के आखिरी लीग मैच में 47 गेंदों में 100* रन बनाए। उन्होंने 159.41 की स्ट्राइक रेट से 381 रन बनाए हैं।

रिपोर्ट

MI के इन गेंदबाजों ने बिखेरा जलवा 

अनुभवी लेग स्पिनर पीयूष चावला 14 मैचों में 7.81 की इकॉनमी रेट से 20 विकेट लेकर MI के सबसे सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए। इसके अलावा नई गेंद से शानदार प्रदर्शन करने वाले जेसन बेहरेनडॉर्फ ने 10 मैचों 9.65 की इकॉनमी रेट से 14 विकेट लेते हुए कमाल दिखाया। उसके 8 विकेट पावरप्ले के दौरान ही आए। आकाश मधवाल ने SRH के खिलाफ MI के आखिरी लीग मैच में 4 विकेट लेते हुए छाप छोड़ी।

रिपोर्ट

MI के नाम दर्ज हुए ये रिकॉर्ड 

MI ने लीग दौर में राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ 215 रनों का पीछा किया था। यह IPL इतिहास में संयुक्त रूप से तीसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज था। इसके अलावा MI ने लगातार 4 मैचों में 200 से अधिक का स्कोर बनाया। IPL के इतिहास में यह भी एक रिकॉर्ड है। MI के कप्तान रोहित शर्मा के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ गया। वह IPL में दूसरे सर्वाधिक बार (16) शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज बने।

रिपोर्ट

प्लेऑफ की स्थिति पर एक नजर 

MI को अब अपनी छठी IPL ट्रॉफी हासिल करने के लिए लगातार 3 जीत की जरूरत है। क्वालिफायर 2 का टिकट हासिल करने के लिए उन्हें सबसे पहले एलिमिनेटर में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को हराने की जरूरत है। इसके बाद MI को क्वालिफायर 2 को जीतना होगा। इसके बाद टीम फाइनल मुकाबले की चुनौती से पार पाना होगा। पहले क्वालिफायर में गुजरात टाइटंस (GT) और चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) का सामना होगा, हारने वाली टीम क्वालिफायर 2 खेलेगी।