Page Loader
गगनयान 2026 और चंद्रयान-4 2028 में होगा लॉन्च, ISRO अध्यक्ष ने दी जानकारी 
ISRO ने गगनयान और चंद्रयान-4 के लॉन्च की समयसीमा का खुलासा किया है (तस्वीर: एक्स/@isro)

गगनयान 2026 और चंद्रयान-4 2028 में होगा लॉन्च, ISRO अध्यक्ष ने दी जानकारी 

Oct 27, 2024
12:41 pm

क्या है खबर?

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रमुख एस सोमनाथ ने आगामी अंतरिक्ष मिशनों की समयसीमा का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि ISRO साल 2026 में मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन गगनयान लॉन्च करने की योजना बना रहा है, वहीं चांद से सैंपल लेकर आने वाले मिशन चंद्रयान-4 को साल 2028 में लॉन्च किया जाएगा। भारतीय अंतरिक्ष संस्था के अध्यक्ष ने आकाशवाणी में सरदार पटेल मेमोरियल व्याख्यान के दौरान कई प्रमुख अंतरिक्ष मिशनों के लॉन्च की नई समयसीमा की घोषणा की।

योजना 

चंद्रयान-5 जापान के सहयोग से होगा लॉन्च 

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, ISRO की गगनयान और चंद्रयान-4 मिशन के अलावा अमेरिका के साथ संयुक्त अंतरिक्ष अभियान NISAR को साल 2025 में लॉन्च करने की योजना है। इसके साथ ही एस सोमनाथ ने कहा कि चंद्रयान-5 मिशन जापान की अंतरिक्ष एजेंसी JAXA के साथ मिलकर पूरा किया जाएगा। हालांकि, अभी इसमें समय है और इसके साल 2028 के बाद ही लॉन्च होने की उम्मीद है। इसे मूल रूप से लूनर पोलर एक्सप्लोरेशन (LUPEX) कहा जाता है।

स्वदेशीकरण 

अंतरिक्ष क्षेत्र में स्वदेशीकरण पर दिया जोर 

ISRO के अध्यक्ष ने कहा कि भारत अगले एक दशक में वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में अपना योगदान मौजूदा 2 से बढ़ाकर 10 प्रतिशत करने का लक्ष्य बना रहा है। सोमनाथ ने कहा कि ISRO अकेले इसे हासिल नहीं कर सकता। हमें अन्य हिस्सेदारों की भागीदारी की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, "अंतरिक्ष क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली कई महत्वपूर्ण वस्तुएं अभी भी बाहर से आती हैं। हमें अपने देश में इनमें से कई का निर्माण करने की क्षमता विकसित करनी होगी।"