LOADING...
ऐपल ने iOS 26 का पब्लिक बीटा किया लॉन्च, जानिए कैसे करें इंस्टॉल
ऐपल ने iOS 26 का पब्लिक बीटा किया लॉन्च (तस्वीर: ऐपल)

ऐपल ने iOS 26 का पब्लिक बीटा किया लॉन्च, जानिए कैसे करें इंस्टॉल

Jul 25, 2025
11:32 am

क्या है खबर?

ऐपल ने आईफोन यूजर्स के लिए iOS 26 पब्लिक बीटा जारी कर दिया है। यह अपडेट कई महीनों के परीक्षण और डेवलपर बीटा के बाद आया है। अगर आप पहली बार इसे आजमा रहे हैं, तो सबसे पहले जो चीज ध्यान खींचेगी वह नया लिक्विड ग्लास यूजर इंटरफेस है। इसमें ट्रांसपेरेंसी, रिफ्लेक्शन और रिफ्रैक्शन जैसे विजुअल इफेक्ट्स शामिल हैं। iOS 26 में कॉल स्क्रीनिंग, कस्टमाइजेशन और ऐपल इंटेलिजेंस जैसे कई नए फीचर दिए गए हैं।

खासियत

iOS 26 की मुख्य खासियतें

नए लिक्विड ग्लास UI को विजनOS से प्रेरित बताया गया है, जो अब आईफोन, आईपैड और अन्य ऐपल डिवाइसों में एक जैसा लुक लाता है। होम स्क्रीन, लॉक स्क्रीन और ऐप आइकन को अब ज्यादा तरीकों से कस्टमाइज किया जा सकता है। कैमरा ऐप को भी नया इंटरफेस मिला है जिससे मोड बदलना आसान हुआ है। आईफोन म्यूजिक, न्यूज और पॉडकास्ट्स जैसे ऐप्स में नया फ्लोटिंग टैब बार आया है, जो स्क्रीन पर कंटेंट के अनुसार सिकुड़ता या फैलता है।

 डिवाइस

किन डिवाइसों में मिलेगा अपडेट

ऐपल ने साफ किया है कि iOS 26 पब्लिक बीटा केवल आईफोन 11 और उसके बाद के मॉडल्स के लिए उपलब्ध है। इनमें आईफोन 16, 15, 14, 13, 12 और 11 सीरीज शामिल हैं। इसके अलावा आईफोन SE (2022) को भी यह अपडेट मिलेगा। हालांकि, ऐपल इंटेलिजेंस वाले कुछ फीचर्स जैसे लाइव ट्रांसलेशन और होल्ड असिस्ट, केवल आईफोन 15 प्रो, 15 प्रो मैक्स और 16 सीरीज पर ही उपलब्ध रहेंगे। यह OTA अपडेट के रूप में मुफ्त दिया जाएगा।

Advertisement

तरीका

iOS 26 इंस्टॉल करने का तरीका

iOS 26 बीटा पाने के लिए सबसे पहले आपको ऐपल बीटा सॉफ्टवेयर प्रोग्राम में beta.apple.com पर जाकर साइनअप करना होगा। ऐपल ID से लॉगिन करें, नियम पढ़ें और स्वीकार करके अपने आईफोन की सेटिंग्स में जाकर सॉफ्टवेयर अपडेट सेक्शन खोलें। वहां बीटा अपडेट का विकल्प मिलेगा, जहां से iOS 26 पब्लिक बीटा चुनें। इसके बाद डाउनलोड और इंस्टॉल पर टैप करें। नियमों से सहमति के बाद बीटा वर्जन आपके डिवाइस पर इंस्टॉल हो जाएगा।

Advertisement

अन्य

अन्य नए फीचर्स की जानकारी

iOS 26 में कई AI-आधारित फीचर्स भी दिए गए हैं। लाइव ट्रांसलेशन से ऑडियो और टेक्स्ट को रीयल-टाइम में कई भाषाओं में अनुवाद किया जा सकता है। कॉल स्क्रीनिंग फीचर गूगल पिक्सल के जैसा है, जो कॉलर की पहचान करने में मदद करता है। इसके साथ ही, होल्ड असिस्ट फीचर बताता है कि कब दूसरी तरफ मौजूद व्यक्ति लाइन पर है। इसके अलावा, ऐपल म्यूजिक में लिरिक्स ट्रांसलेशन, मैप्स में विजिट हिस्ट्री और नए शॉर्टकट्स जैसे अपडेट भी शामिल हैं।

Advertisement