
WWDC 2025: ऐपल ने 'लिक्विड ग्लास' डिजाइन के साथ लॉन्च किया iOS 26, जानिए सभी फीचर्स
क्या है खबर?
ऐपल ने WWDC 2025 में आईफोन के लिए नए ऑपरेटिंग सिस्टम iOS 26 को लॉन्च कर दिया है।
यह पहली बार है जब iOS सीधे 18 से 26 पर पहुंचा है। दरअसल, ऐपल ने यह बदलाव 2026 कैलेंडर साल के साथ तालमेल बैठाने के लिए किया है।
नए OS में 'लिक्विड ग्लास' डिजाइन लाया गया है, जो iOS 7 के बाद अब तक का सबसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है। यह डिजाइन सिस्टम को पारदर्शी और साफ बनाता है।
डिजाइन
ऐप्स का नया रूप और बेहतर कैमरा
iOS 26 में कई ऐप्स को नया रूप मिला है। कैमरा ऐप अब और सरल हो गया है, जहां जरूरी नियंत्रण छिपे रहते हैं और इंटरफेस साफ-सुथरा दिखता है।
लॉकस्क्रीन पर अब समय का आकार बढ़ाया जा सकता है, जिससे स्क्रीन ज्यादा भरी हुई लगती है।
सफारी ब्राउजर में वेबपेज पूरे किनारे तक फैलते हैं और टैब बार कंटेंट के ऊपर तैरता है। साथ ही फोन ऐप में कॉल स्क्रीनिंग जैसे स्मार्ट फीचर्स भी जोड़े गए हैं।
इमोजी
मैसेज और इमोजी में स्मार्ट बदलाव
आईमैसेज में अब बैकग्राउंड कस्टमाइज करने की सुविधा दी गई है। यूजर अब अपनी फोटो या इमेज प्लेग्राउंड से बनी तस्वीरों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
इसमें पोल बनाने का फीचर भी जोड़ा गया है, जिसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) खुद भी सुझाव दे सकता है।
ग्रुप चैट में अब टाइपिंग इंडिकेटर दिखेगा। नया जेनमोजी फीचर दो इमोजी को मिलाकर नए इमोजी बना सकता है और ChatGPT की मदद से इमेज भी बनाई जा सकती है।
fichr
ऐपल इंटेलिजेंस से लाइव ट्रांसलेशन
iOS 26 में ऐपल इंटेलिजेंस पर आधारित लाइव ट्रांसलेशन भी शामिल किया गया है।
अब आप बातचीत के दौरान रीयल टाइम में अनुवाद देख पाएंगे, चाहे वह कॉल हो या टेक्स्ट चैट। ऐपल ने API के जरिए डेवलपर्स को भी यह फीचर जोड़ने की सुविधा दी है।
ऐपल म्यूजिक में लिरिक्स का अनुवाद और उच्चारण दिखाने की सुविधा मिल रही है, साथ ही ऑटोमिक्स फीचर से गाने DJ की तरह एक-दूसरे में मिल सकते हैं।
विजुअल इंटेलिजेंस
विजुअल इंटेलिजेंस और गेम्स ऐप
ऐपल ने iOS 26 में विजुअल इंटेलिजेंस का फीचर भी जोड़ा है, जो स्क्रीन पर दिख रही चीजों को समझकर जानकारी देता है।
उदाहरण के लिए, स्क्रीनशॉट लेकर किसी कपड़े या इवेंट की जानकारी पाई जा सकती है। ऐपल अब एक अलग गेम्स ऐप भी ला रही है, जिसमें आपके डाउनलोड किए गए गेम और दोस्तों की गेम एक्टिविटी दिखेगी।
ऐपल मैप्स, वॉलेट और ऐपल पे में भी नए AI फीचर जोड़े गए हैं।
उपलब्धता
यूजर्स के लिए कब तक होगा उपलब्ध?
iOS 26 का पहला बीटा वर्जन आज से डेवलपर्स के लिए उपलब्ध हो गया है, जबकि आम यूजर्स के लिए इसका पब्लिक बीटा अगले महीने आने वाला है।
ऐपल ने कहा है कि इसका फाइनल वर्जन इस साल के आखिर में आईफोन 17 सीरीज के साथ लॉन्च किया जाएगा।
यह अपडेट आईफोन 11 और उसके बाद के सभी मॉडल्स पर उपलब्ध होगा, यानी पुराने डिवाइस यूजर्स को अपडेट नहीं मिलेगा।