LOADING...
WTC में भारत के लिए इन खिलाड़ियों ने बनाए हैं सर्वाधिक रन 
ऋषभ पंत WTC में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने (तस्वीर: एक्स/@ICC)

WTC में भारत के लिए इन खिलाड़ियों ने बनाए हैं सर्वाधिक रन 

Jul 25, 2025
11:02 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक (54) लगाया। यह उनके टेस्ट करियर का 18वां और इंग्लैंड के खिलाफ 7वां अर्धशतक रहा। इसके साथ ही वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय भी बन गए हैं। ऐसे में आइए WTC में सर्वाधिक रन बनाने वाले शीर्ष 4 भारतीय बल्लेबाजों के आंकड़े जानते हैं।

#1

ऋषभ पंत - 2,731 रन

WTC में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने के मामले में अब पंत शीर्ष पर पहुंच गए। उन्होंने WTC में 38 मुकाबले खेले हैं और इसकी 67 पारियों में 43.34 की औसत और 75.28 की स्ट्राइक रेट से 2,731 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 6 शतक और 16 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 146 रन का रहा है। वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए संयुक्त रूप से सर्वाधिक छक्के (90) लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं।

#2

रोहित शर्मा - 2,716 रन

इस सूची में पूर्व टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा अब दूसरे पायदान पर आ गए हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में WTC के 40 मैच खेले थे, जिसकी 69 पारियों में 41.15 की औसत और 58.32 की स्ट्राइक रेट से 2,716 रन बनाने में सफल रहे। इस दौरान उन्होंने 9 शतक और 8 अर्धशतक भी लगाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 212 रन का रहा था। इसी तरह वह टेस्ट में पंत के साथ संयुक्त सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज भी हैं।

#3

विराट कोहली - 2,617 रन

इस सूची में विराट कोहली अब तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर के दौरान WTC के कुल 46 मैच खेले थे, जिसकी 79 पारियों में 35.36 की औसत और 51.72 की स्ट्राइक रेट से 2,617 रन बनाने में सफल रहे थे। इस दौरान उन्होंने 5 शतक और 11 अर्धशतक भी लगाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 254 रन का रहा था। वह 5 बार नाबाद भी रहे थे और उन्होंने केवल 11 छक्के जड़े थे।

#4

शुभमन गिल - 2,512 रन

इस सूची में मौजूदा टेस्ट कप्तान शुभमन गिल चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में अब तक WTC के कुल 36 मैच खेले हैं, जिसकी 66 पारियों में 41.18 की औसत और 62.37 की स्ट्राइक रेट से 2,512 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 8 शतक और 7 अर्धशतक भी लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 269 रन का रहा है, जो उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ जारी एंडरसन-तेंदुलकर सीरीज के दूसरे टेस्ट में बनाया था।