Page Loader
अरुणाचल प्रदेश में जदयू को बड़ा झटका, भाजपा में शामिल हुए छह विधायक

अरुणाचल प्रदेश में जदयू को बड़ा झटका, भाजपा में शामिल हुए छह विधायक

Dec 25, 2020
03:20 pm

क्या है खबर?

बिहार में भाजपा के साथ मिलकर सरकार चला रही जनता दल (यूनाइटेड) को अरुणाचल प्रदेश में बड़ा झटका लगा है। यहां पार्टी के सात विधायकों में से छह ने भाजपा का दामन थाम लिया है। इन छह विधायकों के साथ-साथ पीपल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल (PPA) का एकमात्र विधायक भी भाजपा में शामिल हुआ है। पंचायत और नगरपालिका चुनावों के नतीजे आने से एक दिन पहले इन विधायकों ने पाला बदला है। आइये, इस बारे में विस्तार से जानते हैं।

जानकारी

पार्टी से निलंबित चल रहे थे PPA के विधायक

जदयू छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों के नाम तलेम तबोह, जिक्के ताको, हयेंग मंगफी, दोर्जी वांग्डी खर्मा, डोंग्रु सियोंग्जु, कांगोंग ताकू हैं। वहीं भाजपा का दामन थामने वाले PPA के एकमात्र विधायक का नाम कर्डो न्याग्योर है। पिछले कुछ समय से न्याग्योर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगते रहे हैं। इसे लेकर PPA ने न्याग्योर को पार्टी से निलंबित कर दिया था। अब वो भाजपा में शामिल हो गए हैं।

गतिविधियां

शीर्ष नेतृत्व को भरोसे में लिए बिना जदयू विधायकों ने चुना था अपना नेता

बीते महीने जदयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए सियोंग्जु पर को कारण बताओ नोटिस भेजा था। इसके साथ ही उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। इस घटनाक्रम के बाद जदयू के इन छह विधायकों ने शीर्ष नेतृत्व और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भरोसे में लिए बिना तलेम तबोह को विधानसभा में पार्टी का नेता चुन लिया था। अब इन विधायकों ने अगला कदम उठाते हुए जदयू को अलविदा कह दिया है।

अरुणाचल प्रदेश

विधानसभा चुनावों में जदयू ने जीती थी सात सीटें

पिछले साल लोकसभा चुनावों के साथ हुए विधानसभा चुनावों में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जदयू ने 15 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इसमें से सात सीटें जीतकर जदयू भाजपा के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। भाजपा को 60 में से 41 सीटों पर जीत मिली थी। विधायकों के पाला बदलने के बाद अरुणाचल में भाजपा के कुल 48 विधायक हो गए हैं तो वहीं जदयू के पास महज एक विधायक बचा है।

राजनीति

बिहार में साथ मिलकर सरकार चला रही हैं भाजपा और जदयू

दूसरी तरफ बिहार में जदयू और भाजपा साथ मिलकर सरकार चला रही है। हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा को जदयू के मुकाबले ज्यादा सीटें मिली हैं, फिर भी पार्टी ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री के पद पर बिठाया है। भाजपा ने महामारी के बीच हुए बिहार विधानसभा चुनावों में 110 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। इनमें से 74 ने जीत हासिल की है। वहीं जदयू के 115 प्रत्याशियों में से केवल 43 चुनाव जीत पाए।