Page Loader
भारतीय वायुसेना का AN-32 एयरक्राफ्ट 13 लोगों के साथ लापता, तलाशी अभियान जारी

भारतीय वायुसेना का AN-32 एयरक्राफ्ट 13 लोगों के साथ लापता, तलाशी अभियान जारी

Jun 03, 2019
05:01 pm

क्या है खबर?

भारतीय वायुसेना का एक AN-32 एयरक्राफ्ट दोपहर एक बजे से लापता है। इस विमान में 13 लोग सवार हैं और इससे दोपहर एक बजे से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। एरक्राफ्ट ने 12:25 बजे असम के जोरहाट एयरबेस से मेंचुका एयरफील्ड के लिए उड़ान भरी थी। पिछले लगभग तीन घंटों से इस विमान से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली है। इसमें पांच यात्री और आठ क्रू-मेंबर सवार हैं।

तलाशी अभियान

वायुसेना ने शुरू किया तलाशी अभियान

भारतीय वायुसेना इस एयरक्राफ्ट की तलाश में सुखोई-20 और C-130 स्पेशल ऑपरेशन प्लेन को भेजा है। वायुसेना अपनी तरफ से लापता विमान से संपर्क करने की पूरी कोशिश कर रही है, लेकिन अभी तक इसमें सफलता नहीं मिली है। मेचुका एडवांस लैंडिंग ग्राउंड अरुणाचल प्रदेश के पश्चिमी सियांग जिले में स्थित है। यह चीन की सीमा के नजदीक है। AN-32 भारतीय वायुसेना का एक ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट है और इसे 1984 से इस्तेमाल किया जा रहा है।

जानकारी

रक्षा मंत्री को दी गई तलाशी अभियान की जानकारी

रक्षा मंत्री राजनाथ ने ट्वीट किया कि उन्होंने वायुसेना उप प्रमुख राकेश सिंह भदौरिया से बात की है। उन्होंने रक्षा मंत्री को लापता विमान की तलाश के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।

AN-32

2016 में भी लापता हुआ था एक AN-32 विमान

जुलाई, 2016 में भी एक AN-32 एयरक्राफ्ट बंगाल की खाड़ी के ऊपर से उड़ान भरते समय लापता हो गया था। इसमें 29 लोग सवार थे। एयरक्राफ्ट ने अंडमान-निकोबार जाने के लिए चेन्नई से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के एक घंटे बाद इससे संपर्क टूट गया था। इसके लापता होने के बाद इसकी तलाश के लिए भारतीय वायुसेना ने समुद्र में एयरक्राफ्ट तलाशने का सबसे बड़ा अभियान चलाया था, लेकिन इसमें कामयाबी नहीं मिली थी।

जानकारी

तीन महीने तक चला था तलाशी अभियान

लगभग तीन महीने तक चले तलाशी अभियान के बाद भी इस एयरक्राफ्ट का कोई सुराग नहीं मिला पाया, जिसके बाद इस अभियान को सितंबर, 2016 में बंद कर दिया गया। विमान में सवार सभी 29 लोगों को मृत मान लिया गया था।

हादसे

आठ बार हादसों का शिकार हो चुका है AN-32

1984 में भारतीय वायुसेना में शामिल होने से अब तक आठ AN-32 एयरक्राफ्ट हादसों का शिकार हो चुके हैं। जून 2009 में भी मेचुका में यह एयक्राफ्ट क्रैश हुआ था। तब इसमें सवार 13 लोगों की मौत हो गई थी। इससे पहले मार्च 1999 में नई दिल्ली आ रहा AN-32 एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया था, जिसमें 22 लोगों की जान गई थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लापता हुए एयरक्राफ्ट में सवार लोगों की सलामती की दुआ मांगी है।