Page Loader
बिहार: आज मंत्रीमंडल का विस्तार करेंगे नीतीश कुमार, राजद को मिल सकते हैं 15 मंत्री पद
मंत्रीमंडल का विस्तार करेंगे नीतीश कुमार

बिहार: आज मंत्रीमंडल का विस्तार करेंगे नीतीश कुमार, राजद को मिल सकते हैं 15 मंत्री पद

Aug 16, 2022
09:51 am

क्या है खबर?

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपने मंत्रीमंडल का विस्तार करेंगे। महागठबंधन में शामिल अलग-अलग पार्टियों से करीब 30 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, तेजस्वी यादव की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को 15, कांग्रेस को दो और जनता दल (यूनाइटेड) को 12 मंत्री पद मिल सकते हैं। मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11:30 बजे राजभवन में होगा। बता दें कि बिहार मंत्रीमंडल में मुख्यमंत्री समेत कुल 36 मंत्री हो सकते हैं।

पृष्ठभूमि

महागठबंधन ने बनाई राज्य में नई सरकार

बीते सप्ताह नीतीश कुमार ने भाजपा का साथ छोड़ते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका आरोप था कि भाजपा उनकी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) को कमजोर कर रही है। इसके बाद उन्होंने राजद और कांग्रेस के महागबंधन के साथ मिलकर सरकार बनाई है। 10 अगस्त को नीतीश कुमार ने आठवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ तेजस्वी यादव ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

जानकारी

पुराने मंत्रियों को फिर विभाग सौंप सकते हैं नीतीश

माना जा रहा है कि नीतीश कुमार अपनी पुरानी सरकार में मंत्री रहे विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी, संजय झा, मदन साहनी, जयंत राज, शीला मंडल, बिजेंद्र यादव, श्रवण कुमार, सुनील कुमार, जामा खान और लेशी सिंह को फिर से मंत्री बना सकते हैं।

अनुमान

राजद से ये नेता बन सकते हैं मंत्री

राजद से तेज प्रताप यादव, सुरेंद्र यादव, ललित यादव, भाई वीरेंद्र, कुमार सर्वजीत, सुरेंद्र राम, शहनवाज आलम, समीर महासेठ, भारत मंडल, अनिता देवी और सुधाकर सिंह को मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं महागठबंधन में राजद की सहयोगी कांग्रेस से अफाक आलम, मुरारी लाल गौतम, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा से संतोष सुमन को मंत्री पद दिया जा सकता है। खबरें हैं कि निर्दलीय विधायक सुमित कुमार सिंह को भी मंत्री बनाया जा सकता है।

कयास

नीतीश कुमार के पास जा सकता है गृह विभाग

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गृह विभाग जदयू के पास जा सकता है। इसके अलावा जदयू विजिलेंस, शिक्षा, इमारत निर्माण, अल्पसंख्यक मामलों का विभाग, सामाजिक कल्याण और जल संसाधन विभाग अपने पास रख सकती है। राजद की बात करें तो उसे वित्त, वाणिज्यिक कर, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण और वन विभाग दिया जा सकता है। मंत्रालयों को लेकर राजद के साथ भी नीतीश का वैसा ही समझौता है, जैसा भाजपा के साथ था।

जानकारी

10 लाख सरकारी नौकरी का ऐलान कर चुके नीतीश

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान किया था। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान से नीतीश ने राज्य के 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरी और 10 लाख लोगों को अन्य व्यवस्थाओं के जरिये नौकरी देने की घोषणा की।

बिहार विधानसभा

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)

242 सदस्यों वाली बिहार विधानसभा में फिलहाल भाजपा के 77, जदयू के 45, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के चार, राजद के 79, कांग्रेस के 19, CPI (M-L) के 12, CPI के चार और AIMIM का एक विधायक है। एक निर्दलीय विधायक है। भाजपा के साथ छोड़ने के बाद नीतीश कुमार ने जिस महागठबंधन के साथ सरकार बनाई है, उसमें राजद, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा, कांग्रेस, CPI(M-L) और CPI शामिल हैं। जदयू समेत इनके विधायकों की संख्या 163 है।